आगरा. किरावली इलाके में सड़क पर पड़े डायनामाइट को बच्चों ने खिलौना समझ लिया। इससे खेलते हुए एक बच्चे ने इसमें तार से छेद कर दिया। इससे विस्फोट हो जाने से चार बच्चे जख्मी हो गए। दो बच्चों को किरावली के पीएचसी में भर्ती करवाया गया, जबकि बाकी को मामूली इलाज के बाद घर भेज दिया गया।
घटना मंगलवार की शाम की है। आगरा से करीब 35 किलोमीटर दूर अछनेरा के सिंगारपुर में सड़क किनारे डायनामाइट पड़ा हुआ था। इस तरह के डायनामाइट का इस्तेमाल खनन माफिया पहाड़ में विस्फोट कर पत्थर बेचने के लिए करते हैं। ग्रामीण हेत सिंह ने बताया कि इसी तरह के एक डायनामाइट को खिलौना समझकर बच्चे खेलने लगे। इसे उठाकर बच्चे फेंकते और फिर उठाकर दूसरी तरफ फेंक रहे थे। इसी दौरान इसमें छेद हो गया। लिहाजा विस्फोट हो गया।
तेज धमाके की आवाज सुनकर ग्रामीण बच्चों की ओर भागे। उन्होंने घायलों को अस्पताल पहुंचाया। एसपी ग्रामीण बबिता साहू का कहना है कि इसकी जांच की जा रही है कि आखिर डायनामाइट गांव में कहां से आया। उन्होंने कहा कि अक्सर पहाड़ों पर पत्थर तोड़ने के लिए इनका इस्तेमाल होता है, लेकिन गांव या आबादी के बीच इसे रखना गैरकानूनी है। इस मामले में कई ग्रामीणों से पूछताछ भी की गई है।
फोटो: घायल बच्चा।