आगरा. एक तरफ शहर में अपराध कम करने को लेकर पुलिस अधिकारियों की क्राइम मीटिंग चल रही थी, तो दूसरी ओर नशे में धुत दरोगा सड़क पर लोट रहा था। वर्दी पर दो स्टार लगाए इस दरोगा की हालत को देख आम जनता हैरान रह गई। कुछ लोगों ने तो इसे मनोरंजन के तौर पर देखा। आम जनता के साथ-साथ पुलिसकर्मी भी दरोगा की करतूत को देखते नजर आए। कुछ राहगीरों ने तो दरोगा को भिखारी तक समझ लिया था।
वाक्या पुलिस लाइन गेट का है। यहां मंगलवार को करीब एक घंटे तक नशे में धुत दरोगा ने सड़क पर खूब तमाशा किया। चादर ओढ़े सड़क पर सड़क पर लेटे दरोगा को तो कुछ राहगीरों ने भिखारी तक समझ लिया। इसके बाद पुलिस महकमे को सूचित किया गया कि एक पुलिस अधिकारी पूरे विभाग के नाम पर धब्बा लगा रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारी नशेड़ी दरोगा को वहां से लेकर गए।
आपको बता दें, दरोगा ओपी सिंह एसएसपी कार्यालय में तैनात है। यह सुबह से ही नशे में धुत होकर सड़क पर लोट रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों में कुछ पुलिसकर्मी भी मौजूद थे। ज्ञात हो कि मंगलवार को पुलिस लाइन में क्राइम मीटिंग चल रही थी। इसमें शहर में अपराध कम करने को लेकर समीक्षा की गई। मीटिंग में एसएसपी राजेश मोदक समेत जिले के तमाम पुलिस अधिकारी मौजूद थे।
पुलिस लाइन के बाहर सड़क पर लोट रहे दरोगा को देख लोगों ने खूब मजा लिया। लोग जनता की सुरक्षा करने वाले पुलिसकर्मी की हरकत देख हंस रहे थे। यहां मौजूद कुछ पुलिसकर्मियों ने दरोगा को हटाने की मामूली कोशिश की, लेकिन वह नहीं माना। इसके बाद पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना क्राइम मीटिंग में बैठे अधिकारियों को दी। बाद में दरोगा को रिक्शे में बैठाकर पुलिसकर्मी कलेक्ट्रेट स्थित एसएसपी कार्यालय ले गए। मामले में कोई भी पुलिस अधिकारी कुछ भी बोलने को तैयार नहीं है। बताया जा रहा है कि दरोगा पर पुलिस अधिकारी काफी खफा हैं। पुलिस चौकी से इस बारे में रिपोर्ट मांगी गई है।
आगे तस्वीरों में देखिए सड़क पर लोटता दरोगा...