आगरा. चोरों ने शुक्रवार की रात को सिकंदर-बोदला रोड पर छत काटकर दुकान से लाखों रुपए के सामान गायब कर दिए। दूसरी ओर खेड़िया मोड़ पर दरवाजे की कुंडी तोड़कर करीब डेढ़ लाख से अधिक के गहने और कीमती सामान चुरा लिए। चोरी की जानकारी मिलने के बाद से मकान और दुकान मालिकों का बुरा हाल है।
पुलिस के मुताबिक सिकंदरा-बोदला रोड पर श्याम कुमार अग्रवाल की बिजली के सामान की दुकान है। शुक्रवार की सुबह वह दुकान पर पहुंचे तो नजारा सामान्य था। लेकिन जैसे ही उन्होंने दुकान का शटर खोला तो हालात देखकर दंग रह गए। पूरा सामान बिखरा पड़ा हुआ था। करीब ढ़ाई लाख रुपए के बिजली के तार, सीएफएल बल्ब, पंखे गायब थे। उन्होंने अंदर देखा तो छत के ऊपर की लोहे की जाली और शेड काट डाला था। चोरों ने इसे काट दिया था और तब वे अंदर घुसे थे। इसके बाद सामान चोरी कर वे छत से होकर चले गए थे।
दुकान मालिक श्याम कुमार अग्रवाल ने बताया कि उनके यहां चोरों ने दूसरी बार दस्तक दी है। करीब तीन साल पहले भी चोरों ने शटर का ताला तोड़ने की कोशिश की थी। लेकिन कुत्तों के भौंकने की वजह से वे भाग गए थे। अब चोरों ने छत का हिस्सा काटकर चोरी को अंजाम दिया। श्याम कुमार ने ढाई लाख के सामान की चोरी के मामले की तहरीर सिकंदरा थाने में दी है।
दूसरी ओर खेड़िया मोड़ इलाके में स्कूल संचालक मोहन सिंह उर्फ राहुल सिंह के घर को चोरों ने निशाना बनाया। शुक्रवार की रात को वह कागारौल स्थित अपने गांव में रुक गए थे। घर में कोई नहीं था। रात को दरवाजे की कुंडी तोड़कर चोर कमरे के अंदर घुस गए। यहां अलमारी में मोहन सिंह की पत्नी के जेवर रखे हुए थे। साढ़े चार तोला सोना, एलसीडी टीवी, गैस सिलेंडर, कपड़े और कई कीमती सामान चोर ले गए। मोहन सिंह ने इस मामले में थाना शाहगंज में तहरीर दी है। पुलिस का कहना है कि दोनों चोरी की तहकीकात चल रही है और जल्द ही नतीजे निकलेंगे।
तस्वीर में: चोरी के बाद घर में बिखरा पड़ा सामान।