पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Man Dead Body Found Hanging Tree Behind Agra Fort Latest Crime News

आगरा किला के पास पेड़ से लटका मिला युवक का शव, दो महीने में ये पांचवी घटना

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
आगरा. ताजनगरी में मंगलवार सुबह आगरा किले की दीवार पीछे पेड़ से लटके एक युवक की लाश मिली। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारा। युवक की अब तक शिनाख्त नहीं हो पाईं है। पुलिस के मुताबिक यह हत्‍या या आत्‍महत्‍या का मामला हो सकता है। इसकी सही जानकारी पोस्‍टमार्टम के बाद ही हो सकेगी। फिलहाल शव को पोस्‍टमार्टम के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज में भेज दिया गया है। पिछले दो महीने में यहां ये पांचवी लाश मिली है।
मृतक की उम्र तकरीबन 25 साल बताई जा रही है। शुरु में लोगों को लगा कि युवक ने फांसी लगाकर आत्‍महत्‍या कर ली है। लेकिन पुलिस ने जब शव को उतारा तो उसके पास से न ही कोई आईडी बरामद हुई और न ही सुसाइड नोट मिला। पुलिस सूत्रों का कहना है कि संभव है कि हत्‍या करने के बाद शव को पेड़ पर लटका दिया गया हो। बाद में मौके पर आम लोगों की भीड़ पहुंचने लगी।
खंगाली जा रही है गुमशुदगी की रिपोर्ट
एसपी सिटी समीर सौरभ ने बताया कि युवक के शव को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। उन्‍होंने कहा कि हत्‍या या आत्‍महत्‍या की बात इसके रिपोर्ट से ही पता चलेगा। फिलहाल युवक की शिनाख्‍त के लिए आगरा के सभी थानों में गुमशुदगी की रिपोर्ट को खंगाला जा रहा है। शायद इससे युवक की शिनाख्‍त हो सके।
दो महीने में मिले चार शव
इससे पहले आगरा किला के पीछे की दीवार के पास पिछले दो महीने में चार शव मिल चुके हैं। इनमें से तीन की शिनाख्‍त नहीं हो सकी है। लगातार होते कत्‍ल का राज पुलिस के लिए भी पहेली बना हुआ है। यहां अधिकतर वारदातें शाम होने के बाद ही होती है। लगातार शव मिलने की घटना के बाद से यहां रात में पुलिस की चौकसी और लाइटें भी लगाई गई हैं, लेकिन सब कुछ नाकाम साबित हुआ है।
तस्वीर में: मृतक युवक।