आगरा. प्रेम के प्रतीक ताजमहल अब ‘गे’ लवर के लिए इतिहास रच रहा है। भारतीय मूल के अमेरिकी एक्टर मौलिक पंचोली ने अपने ब्वायफ्रेंड से सगाई कर ली। दोनों ने ताजमहल में सरेआम एक दूसरे को अंगूठी पहनाई और एक दूसरे के होने का ऐलान कर दिया। ताजमहल में इस तरह समलैंगिक संबंधों को रिश्ते में बदलने का यह पहला मामला है।
इसका खुलासा मौलिक पंचोली ने
ट्विटर के जरिए किया है। उन्होंने अपने पुरुष दोस्त रायन कोरवाइया के साथ ताजमहल की तस्वीर भी जारी की है। मौलिक हॉलीवुड में 30 रॉक स्टार के नाम से जाने जाते हैं।
वह अपने ब्वायफ्रेंड के साथ नौ जनवरी को ताजमहल पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों ने समलैंगिक संबंध को रिश्ते का रूप देने का फैसला कर लिया। मौलिक ने ट्वीट करके कहा है, ‘इसमें नौ साल का वक्त लगा, लेकिन अब यह अधिकृत है।’
40 वर्षीय मौलिक ने हाल ही में ‘आउट’ मैगजीन को दिए इंटरव्यू में खुद के समलैंगिक होने का खुलासा किया था। उन्होंने कहा था कि वह अपने पुरुष मित्र के साथ पिछले नौ साल से समलैंगिक संबंध में हैं। उनके पुरुष मित्र रायन कोरवाइया, कैटरिंग एंड इवेंट कंपनी में नौकरी करते हैं।
मौलिक पंचोली ने हॉलीवुड में अच्छे अभिनेता के रूप में पहचान बनाई हुई है। उन्होंने हॉलीवुड फिल्म लव एंड डांसिंग, क्राइसिस, फ्रेंड्स विद मनी, पार्क समेत कई फिल्मों में एक्टिंग की है।
उन्हें सबसे ज्यादा लोकप्रियता, टीवी सीरियल ‘30 रॉक’ से मिली थी। इसके बाद वह इसी नाम से पहचाने जाने लगे थे। हालांकि उन्होंने कई अन्य सीरियल्स में भी काम किया है।
आगे देखें मौलिक पंचोली और उनके ब्वायफ्रेंड की ताज पर ली गई तस्वीर...