आगरा. इन दिनों आगरा में घंटों बिजली कटौती की जा रही है। इससे लोग काफी परेशान हैं। ऐसे में सांसद रामशंकर कठेरिया और स्थानीय उद्योगपतियों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। उनका कहना है कि सरकार ने आगरा में 24 घंटें बिजली की सप्लाई करने का एलान किया। बावजूद इसके 10 से 12 घंटें की कटौती की जाती है। इसके खिलाफ प्रदर्शन किया जाएगा। वहीं, दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि लोकल फॉल्ट की वजह से बिजली संकट हो रही है। इसे जल्द ही ठीक कर लिया जाएगा।
बताते चलें कि इन दिनों आगरा में बिजली की बहुत किल्लत है। घंटों अघोषित बिजली कटौती से आगरा के लोगों को परेशान कर दिया है। सोमवार को शहर भर में करीब आठ घंटे तक बिजली गुल रही। मंगलवार को भी दोपहर तक बीच-बीच में बिजली कटौती जारी रही। इसके चलते पीने के पानी के लिए लोगों को फजीहत हुई। उद्योग-धंधों पर इसका असर पड़ रहा है।
बिजली कटौती की वजह लोकल फॉल्ट
दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम के एमडी प्रभु नारायण सिंह ने बताया कि लोकल फॉल्ट के कारण ऐसा दिक्कतें हुई हैं। इसपर एक हफ्ते के अंदर काबू पा लिया जाएगा। इसके लिए अतिरिक्त बिजली खरीदने की कोशिश भी चल रही है। उन्होंने बताया कि इस बार बारिश कम होने से सितंबर तक गर्मी और उमस महसूस हो रही है। इसकी वजह से बिजली की खपत भी बढ़ गई है।
सांसद ने की एमडी से मुलाकात
बिजली कटौती को लेकर सांसद रामशंकर कठेरिया ने इस दौरान एमडी प्रभु नारायण सिंह से मुलाकात की। उन्होंने कहा कि सरकार ने आगरा में 24 घंटे बिजली सप्लाई का आदेश दिया है। इसके बावजूद दस से बारह घंटे की कटौती की जाती है। इससे आगरा के उद्योग-धंधे चौपट हो रहे हैं।
मंगलवार को तय करेंगे आंदोलन की रणनीति
उन्होंने बताया कि जेनरेटर से बिजली की खपत ज्यादा होती है। साथ ही इससे निकल रहा प्रदूषण ताजमहल के लिए खतरनाक है। यदि ऐसा चलता रहा, तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। सांसद ने बताया कि मंगलवार की देर शाम इस संबंध में बैठक होगी। इसमें आंदोलन की रूपरेखा तैयार की जाएगी।
प्रतीकात्मक तस्वीर।