आगरा. शहर में कुछ दिन पहले हुए धौर्रा पटाखा फैक्ट्री में विस्फोट को लेकर जिला प्रशासन ने शनिवार को देर रात छापेमारी अभियान चलाया। इसके तहत अधिकारियों ने एक ट्रांसपोर्ट कंपनी के गोदाम और एक दुकान से बड़े पैमाने पर पटाखे बरामद किए। यह कार्रवाई एसीएम, सीओ और फायर ब्रिगेड के अधिकारियों की निगरानी में हुई।
शनिवार की देर रात को एसीएम विजय मिश्रा ने अन्य अधिकारियों सहित हाथरास रोड पहुंचे। उन्होंने अप्सरा सिनेमा के सामने जय बालाजी इंटरप्राइजेज में छापा मारा। अचानक अधिकारियों को देखकर दुकानदार ने शटर गिरा लिया। उन्होंने अंदर से ताला बंद कर दिया। इसके बाद जब पुलिस ने दुकान खोलने को कहा, तो दुकानदार ने चाभी नहीं होने का बहाना बनाया। इसके बाद पुलिस ने सख्ती दिखानी शुरू कर दी।
फैक्ट्री के अंदर मिला खुफिया रास्ता
पुलिस ने दुकान का ताला तोड़ दिया। अंदर परम और प्रेम सिंह नाम के दो युवक थे। पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। यहां पर पटाखों को पुलिस ने जब्त कर लिया। जांच के दौरान पुलिस ने पटाखा फैक्ट्री के अंदर से एक खुफिया रास्ता खोज निकाला। यह रास्ता शामली ट्रांसपोर्ट कंपनी की ओर जाता था। पुलिस ने यहां भी तलाशी ली। यहां दुकान से ज्यादा पटाखे मिले।
क्या कहते हैं एसीएम
एसीएम ने बताया कि दुकान को 4.5 क्विंटल पटाखा बनाने का लाइसेंस था। दुकान से 20 क्विंटल पटाखे मिले। इसके बाद एसीएम की निगरानी में दुकान और ट्रांसपोर्ट कंपनी को सील कर दिया गया। एसीएम ने बताया कि यह छापेमारी लगातार चलेगी। अवैध पटाखा रखने और बनाने वालों पर कार्रवाई की जाएगी।
क्यों हुई छापेमारी
दरअसल, लखनऊ के मोहनलालगंज स्थित एक पटाखा फैक्ट्री में शनिवार को विस्फोट हो गया था। इसमें छह लोगों की मौत हो गई थी। साथ ही कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। एक सप्ताह पहले आगरा के धौर्रा गांव में भी पटाखा बनाने वाली फैक्ट्री में विस्फोट हुआ था। इसमें दो लोग मारे गए थे। इसके बाद जिला सरकार ने शनिवार को छापेमारी का आदेश दिया।
फोटो: दुकान में तलाशी लेते अधिकारी।