आगरा. आगरा में धर्मांतरण के मुख्य आरोपी नंद किशोर वाल्मीकी और धर्म जागरण मंच के पश्चिमी उत्तर प्रदेश प्रभारी राजेश्वर सिंह की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है। रविवार को पुलिस ने एटा के कृष्णा मैरेज होम से नंद किशोर के बेटे कमल और आरएसएस कार्यकर्ता कृष्ण कुमार को हिरासत में लिया है। पुलिस के पहुंचने से पहले ही आरोपी नंद किशोर फरार हो गया।
दूसरी ओर केंद्रीय मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री डॉ. रामशंकर कठेरिया ने कहा है कि आगरा में किसी भी तरीके से जबरन
धर्म परिवर्तन नहीं करवाया गया है। यहां जो कुछ हुआ वह लोगों की सहमति से हुआ था। बेवजह मामले को तूल देकर मीडिया ने संसद तक का समय खराब किया।
उन्होंने कहा कि इस मामले में सपा प्रमुख
मुलायम सिंह यादव के बयान का भी समर्थन करता हूं जिसमें उन्होंने आगरा में हुए धर्मांतरण की घटना को बेवजह तूल देने की निंदा की थी। उन्होंने कहा- 'हम धर्मांतरण के मामले में बनाए जाने वाले कानून का भी समर्थन करते हैं, धर्म परिवर्तन के मामले में कहीं भी जोर-जबरदस्ती नहीं होनी चाहिए।'
इधर, धर्मांतरण स्थल नगला वेद बस्ती में शनिवार की दोपहर मुंबई की रजा अकादमी की एक टीम ने दौरा किया। इस संगठन के उलेमाओं ने बस्ती के लोगों को बातचीत की और खाने-पीने की सामग्री और कपड़े बांटे। रजा एकेडमी के सईद नूरी ने कहा कि इस मसले पर मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के साथ बातचीत करेंगे। उन्होंने कहा कि जबरन धर्म परिवर्तन करवाया गया था और यह बेहद गलत है।
फोटो: मुंबई की रजा अकादमी की टीम ने नगला वेद में दौरा किया।