फोटो: आगरा में जानवरों की फोटों खींचते विदेशी सैलानी।
आगरा. आगरा में विश्वप्रसिद्ध ताजमहल के अलावा कुछ और भी विदेशी सैलानियों के लिए अजूबा बनता जा रहा है। यह कोई खास इमारत या जगह नहीं बल्कि सड़कों पर घूमने वाले आवारा जानवर हैं। विदेशी पर्यटक इन्हें अपने कैमरों में कैद कर रहे हैं। वहीं, कई बार इन जानवरों के हमले में पर्यटक घायल भी हुए हैं। इसके बावजूद प्रशासन अब तक आंख मूंदकर तमाशा देख रहा है, जबकि ताजमहल के आसपास का इलाका वीवीआईपी क्षेत्र माना जाता है।
शहर के सबसे बड़े पर्यटन स्थल ताजमहल अब पर्यटकों के लिए महफूज नहीं रह गया है। यहां घूमने वाले आवारा जानवर लगातार पर्यटकों को अपना शिकार बना रहे हैं। बीते शनिवार को एक गाय ने विदेशी पर्यटक को सींग मारकर घायल कर दिया था। इसके बावजूद भी प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से नहीं लिया। यहां तक कि यहां आने वाले पर्यटकों में जानवरों को लेकर खौफ बन गया है। वहीं, कुछ पर्यटक शायद पहली बार सड़कों पर जानवरों को देखकर चौंक गए और उन्हें अपने कैमरों में कैद करना शुरू कर दिया।
इस संबंध में ताजमहल पर गाइड का काम करने वाले बौवी बताते हैं कि पहले नगर निगम के कई कांजी हाउस हुआ करते थे। इनमें नगर निगम आवारा जानवरों को पकड़कर रखा जाता था। अब नगरनिगम के कांजी हाऊस खत्म हो गए हैं। कर्मचारी भी कभी-कभी इस इलाके में आते हैं और जानवरों को पकड़ने का नाटक कर चले जाते हैं।
इस वजह से ताजमहल देखने आने वाले पर्यटकों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, इस क्षेत्र के कारोबारियों का कहना था कि यदि प्रशासन इस समस्या पर ध्यान नहीं दिया तो यहां कभी भी किसी पर्यटक को अपनी जान से हाथ धोना पड़ सकता है।
आगे तस्वीरों में देखिए, सड़कों पर आवारा जानवरों की फोटो खींचते ताजमहल देखने आए पर्यटक...