आगरा. देवरी रोड पर शनिवार को अज्ञात शव बरामद हुआ है। उसकी हत्या धारदार हथियार से की गई है। मृतक की उम्र 55 साल बताई जा रही है। उसका चेहरा कुचला हुआ है। चेहरे पर हमला कर उसकी पहचान छिपाने की कोशिश की गई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस मामले में थाना ताजगंज में अज्ञात शव मिलने का मामला दर्ज किया गया है।
बताया जा रहा है कि सुबह जब लोग देवरी रोड से जा रहे थे। तभी उन्हें सड़क के किनारे खून से लथपथ शव दिखा। यहां देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस ने पहुंचकर शव की जांच की। मृतक के बदन पर शर्ट और पैंट थी। ये कपड़े भी खून से सने हुए थे। हत्या बेरहमी से की गई है। उसके पास से पर्स या कोई अन्य कागज बरामद नहीं हुआ है। चेहरा बुरी तरह कुचला हुआ है। इसलिए पहचान करना भी मुश्किल है।
थाना ताजगंज प्रभारी अरुण सिंह के अनुसार, पुलिस ने इस मामले में जांच शुरू कर दी है। जिले भर के थानों को इस मृतक की तस्वीर भेजी जा रही है, ताकि यदि कहीं गुमशुदा की रिपोर्ट हो तो लोगों को सूचना दी जा सके। पुलिस के अनुसार, ऐसा लगता है हत्या धारदार हथियार से ही की गई है। हालांकि, इसकी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हो सकेगी।
फोटो: पोस्टमार्टम हाउस।