आगरा. ताजगंज थाना क्षेत्र में रविवार को एक युवक ने हाईवोल्टेज ड्रामा किया। जमीन अधिग्रहण के उचित मुआवजे की मांग को लेकर वह हाईटेंशन लाइन के टावर पर चढ़ गया। 10 घंटे बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्वासन देकर उसे नीचे उतारा। युवक का कहना था कि अब सरकार उन्हें चार गुना मुआवजा दे या अधिग्रहित जमीन के बदले दूसरी जगह खेती की जमीन दी जाए, ताकि परिवार का भरण-पोषण हो सके।
मामला ताजगंज थाना क्षेत्र के महुआ खेड़ा का है। यहां के कई ग्रामीण जमीन अधिग्रहण को लेकर परेशान हैं। इसी को लेकर युवक योगेंद्र सिंह सुबह चार बजे 33 केवी हाई टेंशन लाइन पर चढ़ गया। उसका कहना था कि इनर रिंग रोड के लिए सरकार ने उससे वर्ष 2013 में जमीन का अधिग्रहण किया था। इसका मुआवजा मात्र 13 लाख रुपया वर्ष 2014 में मिला, लेकिन मुआवजा मिलने के दौरान ही कई अन्य किसानों की जमीन ली गई। उन्हें चार गुना मुआवजा दिया गया।
जब योगेंद्र टावर पर चढ़कर हंगामा कर रहा था। तभी एडीएम सिटी राजकुमार पहुंचे। योगेंद्र की तरफ से गांव के 38 किसानों ने उनसे बातचीत की। आश्वासन मिलने के बाद उन्होंने योगेंद्र को इशारा किया। इसके बाद वह करीब डेढ़ बजे नीचे उतर आया। एडीएम वित्त राजकुमार ने बताया कि जमीन अधिग्रहण कानून लागू होने की वजह से वर्ष 2014 में अधिग्रहित जमीन का मुआवजा चार गुना दिया गया था। इससे पहले अधिग्रहित जमीन पर यह कानून लागू नहीं था। इस मसले को सरकार के समक्ष भेजकर किसानों की बात रखी जाएगी।
आगे देखिए, संबंधित तस्वीरें...