पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 80 Lakh Pilgrims Coming In Mauni Amavasya

संगम में मौनी अमावस्या स्नान के लिए 30 लाख श्रद्धालु पहुंचे

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इलाहाबाद. मौनी अमावस्या के मौके पर संगम में डुबकी लगाने के लिए लाखों श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी है। मौनी अमावस्या का स्नान बुधवार आधी रात के बाद से शुरू हो चुका है। प्रशासन के अनुसार अब तक इस माघ मेले में 30 लाख श्रद्धालु पहुंच चुके हैं और यह संख्या 80 लाख तक पहुंच लकती है।
यहां कुल 12 स्नान घाटों पर डुबकी लगाने के लिए द्वारिका पीठाधीश्वर जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती, शंकराचार्य निश्चलानंद सरस्वती, स्वामी अधोक्षजानंद देवतीर्थ, टीकरमाफी आश्रम के हरिचैतन्य ब्रह्मचारी जी महाराज सहित अनेक धर्माचार्य मेला क्षेत्र में पहुंच चुके हैं।
इनके लिए गंगा के संगम स्नान घाट, अरैल घाट, रामघाट तथा झूंसी में आचार्य बाड़ा घाट तथा दशाश्वमेघ घाट, काली सड़क से महावीर मार्ग, महावीर मार्ग से अक्षयवट मार्ग, खाक चौक, गंगोली शिवाला घाट, जीटी रोड तथा मोरी रोड स्नान घाटों पर स्नानार्थियों के स्नान की व्यवस्था की गई है।
इस मौनी अमावस्या पर्व पर माघ मेला क्षेत्र में व्यवस्था की कमान आठ अपर जिलाधिकारी और सात अपर पुलिस अधीक्षक स्तर के अधिकारियों को सौंपी गई है। इनकी मदद के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों की टीम भी होगी।
लगभग 1,500 बीघे में फैले इस माघ मेले को प्रशासन ने तीन जोन और पांच सेक्टर में बांटा है। सुरक्षा की दृष्टि से मेला क्षेत्र में 15 थाने और 35 पुलिस चौकियां स्थापित की गई हैं। आतंकवादी गतिविधियों से सुरक्षा के लिए आरएएफ और एटीएस के दस्ते भी तैनात किए गए हैं। मेले में तीन पुलिस नियंत्रण कक्ष भी खोले गए हैं।
वहीं साथ में श्रद्धालुओं के लिए मेला क्षेत्र में 20-20 बेड के दो चिकित्सालय भी बनाए गए हैं। 112 प्राथमिक चिकित्सालय, 26 एंबुलेंस, तीन आयुर्वेद अस्पताल, पांच होम्योपैथिक अस्पताल भी बनाए गए हैं। मौनी अमावस्या पर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए रेल विभाग ने भी विशेष व्यवस्था की है। रेलवे ने दर्जनों अतिरिक्त रेलगाड़ियां चलाई हैं। परिवहन निगम ने भी इस अवसर पर 2,000 अतिरिक्त बसें चलाई हैं।