इलाहाबाद. इन दिनों बाढ़ से
जम्मू-कश्मीर में भयंकर तबाही मची है। पीएम मोदी ने बाढ़ पीड़ितों की मदद करने के लिए सभी राज्यों से अपील की है। इलाहाबाद के लोग भी बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए आगे आ रहे हैं। यहां आम आदमी पार्टी(आप) के कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को
कश्मीर के पीड़ितों के लिए राहत सामग्री जुटाई। सिविल लाइंस इलाके में लगाए एक कैंप में लोगों ने नगद और खाने-पीने की चीजें दी। इन्हें जल्द ही
जम्मू भेजा जाएगा।
जिला समन्वयक अंजनी मिश्रा के नेतृत्व में लगाए गए इस कैंप में जिले के दर्जनों कार्यकर्ताओं ने भागीदारी निभाई। आप समर्थकों ने घर-घर जाकर भी मदद की अपील की। इसके बाद मंगलवार को राहत सामग्री जुटाने के लिए कैंप लगाया गया। बाढ़ पीड़ितों की मदद करने का जज्बा इस दौरान लोगों में साफ नजर आया।
अंजनी मिश्रा ने बताया कि मदद के लिए जुटाई जा रही सामग्री को जम्मू भेजा जाएगा। इसे पार्टी कार्यकर्ता ही लेकर जाएंगे। फिलहाल बाढ़ पीड़ितों की जरूरत के मुताबिक ही राहत सामग्री इकट्ठा की जा रही है। इससे उनकी वास्तविक मदद की जा सकेगी।
फोटो: सिविल लाइंस इलाके में लगे कैंप में राहत सामग्री इकट्ठा करते आप कार्यकर्ता।