इलाहाबाद. शिवकुटी थानाक्षेत्र के गोविंदपुर मोहल्ले में सोमवार की रात एक छात्रा से छेड़खानी के बाद बवाल बढ़ गया। सैकड़ों की संख्या में पहुंचे छात्रों और मोहल्ले के लोगों में जमकर मारपीट हुई। इस दौरान छात्रों ने पथराव किया तो मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। करीब एक घंटे के बवाल के बाद पुलिस ने स्थिति नियंत्रित कर ली। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई थी।
जानकारी के मुताबिक, गोविंदपुर निवासी शिवशंकर
सोनी के मकान में एक छात्रा किराए का कमरा लेकर रहती थी। छात्रा के यहां लडकों का आना-जाना था। इसलिए शिवशंकर ने उससे मकान खाली करने को कहा। इसे लेकर दोनों में तीखी-नोंकझोंक भी हुई। छात्रा का आरोप है कि कमरा खाली करवाने के दौरान उसके साथ अभद्रता की गई। इसकी जानकारी छात्रा ने अपने परिजनों और साथ पढ़ने वाले छात्रों को दी।
रात दस बजे करीब दो सौ छात्र एकत्र होकर गोविंदपुर पहुंच गए। छात्रों की मकान मालिक से बात हो रही थी। इसी दौरान दोनों पक्षों में गाली-गलौज शुरू हो गई। . जानकारी मिलते ही मोहल्ले के लोग भी वहां पहुंच गए। लोगों ने छात्रों को पहले खदेड़ लिया। इसके बाद छात्रों ने पथराव शुरू कर दिया, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस पर किया लाठीचार्ज
बवाल की जानकारी मिलने पर कई थानों की पुलिस के साथ खुद एसपी सिटी राजेश यादव मौके पर पहुंच गए। पहले छात्रों को वापस जाने की चेतावनी दी गई। हालांकि, आक्रोशित छात्रों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। यह देख पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इसके बाद छात्रों को खदेड़कर पीटा गया। रात करीब साढ़े ग्यारह बजे स्थिति सामान्य हो सकी।
एसपी सिटी राजेश यादव ने बताया कि फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है। मामले में कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करेंगे।
तस्वीर में: गोविंदपुर में बवाल के बाद मौजूद पुलिस।