इलाहाबाद. करछना थाना क्षेत्र के पोतनहिया गांव के पास गुरुवार को दबंगों ने एक विधवा महिला से गैंगरेप का प्रयास किया। हालांकि वह किसी तरह उनसे बचकर भागने में सफल रही। घटना उस समय हुई जब वह स्कूल से घर लौट रही थी। महिला एक स्कूल में रसोइया है। उसके घर पहुंचने के बाद दबंगों ने उसे पुलिस के पास न जाने की धमकी भी दी। फिलहाल पुलिस को घटना की जानकारी है। लेकिन पीड़िता ने धमकी के डर से अब तक मामला दर्ज नहीं कराया है।
करछना के पोतनहिया गांव की रहने वाली एक चालीस वर्षीय महिला के पति की मौत दो साल पहले हो गई थी। महिला पास के ही एक गांव के प्राथमिक विद्यालय में रसोइया के पद पर तैनात है। गुरुवार को स्कूल बंद होने के बाद वह घर लौट रही थी। इसी दौरान एक बाग में पहले से मौजूद चार-पांच लोगों से उसे रोक लिया। इससे पहले कि महिला कुछ समझ पाती, युवक उसे झाड़ियों में खींचकर ले जाने लगे।
राहगीरों के आने पर बचकर भागी
उनकी मंशा समझते ही महिला ने खुद को बचाने के लिए शोर मचाना शुरू कर दिया। हालांकि तब तक युवकों ने महिला के कपड़े फाड़ दिए थे। इसी दौरान कुछ राहगीर वहां पहुंच गए। इस बीच मौका मिलते ही महिला भाग निकली।
जान से मारने की दी धमकी
महिला के घर पहुंचने पर आरोपी उसके घर भी पहुंच गए। उन्होंने महिला को पुलिस के पास न जाने की धमकी दी। पुलिस के पास जाने पर अंजाम भुगतने की बात कहते हुए आरोपी चले गए। आरोपी इलाके दबंग बताए जाते हैं। इसलिए महिला की हिम्मत नहीं हो रही है कि वह थाने पहुंचकर पुलिस ने मामले की शिकायत करें। हालांकि गांव में उसने कई लोगों से मदद की गुहार लगाई है।
थाने आए तो होगी मदद
घटना के संबंध में पूछने पर करछना के थाना प्रभारी दिनेश प्रकाश का कहना है कि, उन्हें महिला ने सीधे जानकारी नहीं दी है। यदि महिला थाने पर आती है तो मामले की जांच कर मुकदमा दर्ज किया जाएगा। वह उसके घर तहरीर लेने नहीं जाएंगे।
प्रतीकात्मक तस्वीर।