इलाहाबाद. गुरूवार को उतरांव थाना क्षेत्र के धनसीपुर गांव में कार सीख रहे एक व्यक्ति ने मासूम बच्चे की जान ले ली। इस घटना के बाद लोगों ने कार चालक को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और बाद में पुलिस को सौंप दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाते हुए एक मौत करने की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, उतरांव निवासी राजकुमार मजदूरी का काम करता है। सुबह करीब 11 बजे उसका बेटा मोनू (8) घर के बाहर खेल रहा था। इसी दौरान सराय इस्माइल निवासी जंगबहादुर भी कार चलाते हुए वहां पहुंचा। चालक अभी कार चलाना सीख ही रहा है। ऐसे में बस्ती पहुंचते ही उसका कार की स्टियरिंग से नियंत्रण हट गया। इसके बाद कार मजदूर के छप्पर से जाकर तेजी से टकरा गई।
इस दौरान बाहर खेल रहे मासूम बच्चे मोनू की कार से टक्कर होने के कारण मौके पर मौत हो गई। इसके बाद बस्ती के लोगों ने कार चालक को पकड़कर उसकी धुनाई कर दी। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और बच्चे के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, राजकुमार की तहरीर पर पुलिस ने जंगबहादुर के खिलाफ आइपीसी की धारा 304-ए के तहत रिपोर्ट दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है।
फोटो: मृतक मोनू के पिता राजकुमार।