इलाहाबाद. सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रा. परीक्षा (लोअर सबऑर्डिनेट) 2014 का रिजल्ट शुक्रवार को घोषित कर दिया गया। इसमें 12168 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। सचिव जगदीश प्रसाद ने बताया कि 579 पदों के लिए आयोजित परीक्षा के लिए 3 लाख 88 हजार 466 आवेदन प्राप्त हुए थे जबकि 2 लाख 15 हजार 514 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी।
मुख्य परीक्षा का आयोजन 5 नवंबर से किया जाएगा। इसके लिए ऑनलाइन आवेदन और इससे संबंधित प्रक्रिया आदि से संबंधित जानकारी अलग से दी जाएगी। इसका पूर्ण विवरण आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध करवाया जाएगा।
प्रारम्भिक परीक्षा का रिजल्ट भी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध है।
आयोग के सचिव जगदीश प्रसाद ने बताया कि सफल अभ्यर्थियों को चार सप्ताह के अंदर प्राप्तांक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे। इस परीक्षा का रिजल्ट घोषित होते ही आयोग में परीक्षार्थियों का मजमा लग गया। आयोग की वेबसाइट पर परिणाम मौजूद होने के बावजूद बड़ी संख्या में परीक्षार्थी आयोग के मुख्यालय पहुंचे। सफल परीक्षार्थियों ने एक दूसरे को बधाई दी और परिजनों को भी इस खुशी में शामिल किया।