इलाहाबाद. स्टेशन के पास यार्ड में शनिवार को एक मालगाड़ी के दो डिब्बे पटरी से उतर गए। इससे दिल्ली-हावड़ा रूट पर ट्रेनों का आवागमन लगभग ढाई घंटे प्रभावित रहा। डिरेलमेंट के कारण चार पैसेंजर ट्रेनें भी लगभग आधे घंटे लेट हुई हैं। एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन (एआरटी) की मदद से डिरेल बोगियों को पटरी पर लाया गया। इसके बाद स्थिति सामान्य हो सकी।
शनिवार दोपहर बाद लगभग डेढ़ बजे इलाहाबाद से वाराणसी की ओर जाने वाली एक मालगाड़ी यार्ड से गुजर रही थी। 15 नंबर ट्रैक से गुजरने के दौरान इसके दो डिब्बे अचानक पटरी से उतर गए। स्पीड कम होने के कारण टेन तुरंत झटके खाते हुए रुक गई। घटना की जानकारी गार्ड और ड्राइवर ने तुरंत कंट्रोल रूम में दी।
डिरेलमेंट की जानकारी मिलते ही हडकंप मच गया। आनन-फानन में दुर्घटना राहत गाड़ी के साथ इंजीनियरों को मौके पर रवाना किया गया। लगभग आधे घंटे बाद इंजीनियर अपने काम में जुट गए। सवा तीन बजे के आसपास एक बोगी को पटरी पर लाने में इंजीनियरों को सफलता मिल गई। जबकि दूसरी बोगी लगभग चार बजे पटरी पर लाई जा सकी।
इस दौरान जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर 7,8,9 और 10 से ट्रेनों का संचालन पूरी तरह ठप रहा। चारों प्लेटफार्म से रवाना होने वाली ट्रेनों को 6 नंबर प्लेटफार्म से होकर गुजारा गया। एनसीआर के पीआरओ मंजर कर्रार ने बताया कि, डिरेलमेंट के कारण कोलकाता-बीकानेर एक्सप्रेस, सियालदह एक्सप्रेस, हावड़ा-जोधपुर एक्सप्रेस और सीमांचल एक्सप्रेस 20-25 मिनट देरी से चलीं।
तस्वीर में: इलाहाबाद जंक्शन के यार्ड में पटरी से उतरे मालगाड़ी के डिब्बे।