इलाहाबाद. कौशांबी के पूर्व सपा सांसद शैलेंद्र कुमार के निजी सचिव मनोज कुमार के घर गुरुवार की रात चोरों ने धावा बोला। चोरों ने मुख्य दरवाजे में लगी कुंडी काटकर आलमारी का लॉकर तोड़ डाला। इसके बाद लॉकर में रखे करीब 40 हजार रुपए और डीबीबीएल गन लेकर फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह मनोज को घटना की जानकारी तब हुई जब उन्होंने मकान का दरवाजा खुला देखा। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस सक्रिय हो गई। फील्ड यूनिट ने भी मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। हालांकि चोरों का सुराग अब तक सुराग नहीं मिला है।
जानकारी के अनुसार पूर्व सांसद के निजी सचिव मनोज कोतवाली के कमला नेहरू रोड पर रहते हैं। यहां उनके दो मकान हैं। फिलहाल उनके एक मकान में मरम्मत का काम चल रहा है, इसलिए वह रात में परिवार के साथ पास के ही दूसरे मकान में सोने चले गए। सुबह जब वह पुराने मकान पर पहुंचे तो देखा कि दरवाजा खुला है। इससे उन्हें शंका हुई। पास पहुंचे तो वहां दरवाजे की कुंडी गिरी मिली, जिसे काटकर फेंका गया था। यह देख उन्हें माजरा समझ में आ गया।
आनन-फानन में भागते हुए वह कमरे के अंदर पहुंच गए। कमरे के दरवाजे भी खुले थे। यही नहीं, वहां रखी आलमारी का ताला भी टूटा था। लॉकर खुला पड़ा था। मनोज के मुताबिक चोर आलमारी में रखी उनकी डबल बैरल गन और लॉकर में रखे करीब 40 हजार रुपए ले जाने में सफल रहे। इसकी जानकारी उन्होंने एसएसपी दीपक कुमार को दी। एसएसपी ने कोतवाली पुलिस को तुरंत घटनास्थल पर भेजा। इसी दौरान फील्ड यूनिट भी पहुंच गई। लगभग आधे घंटे की जांच-पड़ताल के बाद भी टीम को कुछ हासिल नहीं हो सका है।
सोरांव विधायक के भी निजी सचिव हैं मनोज
मनोज ने बताया कि वे पूर्व सांसद शैलेंद्र के भाई और सोरांव के विधायक सत्यवीर मुन्ना के भी निजी सचिव हैं। वह दोनों राजनेताओं का कामकाज देखते हैं। सत्यवीर सपा से ही विधायक चुने गए थे।
तस्वीर में: चोरी के दौरान टूटी हुई आलमारी।