इलाहाबाद. लोक सेवा आयोग के रिजल्ट में धांधली का आरोप लगाते हुए सोमवार को छात्रों ने आयोग ऑफिस के बाहर जमकर नारेबाजी की। छात्रों ने कहा कि पीसीएस 2014 की परीक्षा में कम अंक पाने वाले परिक्षार्थियों को पास कर दिया गया है,जबकि ज्यादा अंक पाने वाले कई छात्रों को फेल कर दिया गया है।
इसी बाबत छात्रों आयोग के सामने अपनी मांगे रखी हैं। छात्रों का कहना है कि घोषित रिजल्ट को निरस्त किया जाए। साथ ही प्रश्नों को दोबारा से जांच कर रिजल्ट घोषित किया जाए। छात्रों ने कहा कि परीक्षा परिणाम को लेकर छात्रों के साथ भेदभाव किया जा रहा है।
बताते चलें कि सम्मिलित राज्य प्रवर अधीनस्थ सेवा प्रा. परीक्षा (लोअर सबऑर्डिनेट) 2014 का रिजल्ट बीते शुक्रवार को घोषित किया गया था। इसमें 12168 अभ्यर्थियों को सफल घोषित किया गया है। 579 पदों के लिए आयोजित परीक्षा के लिए 3 लाख 88 हजार 466 आवेदन किए गए थे जबकि 2 लाख 15 हजार 514 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी थी।
तस्वीर में: लोक सेवा आयोग के बाहर नारेबाजी करते छात्र।