इलाहाबाद. प्रतापगढ़ कोतवाली के मोहनलालगंज प्राथमिक विद्यालय में प्रिंसिपल पर एक छात्र की बेरहमी से पिटाई करने का आरोप लगा है। छात्र के पिता ने कहा कि प्रिंसिपल ने उससे बेगारी करने के लिए कहा था, लेकिन उसने मना कर दिया। इस पर प्रिंसिपल ने उनके बेटे की पिटाई की और जब वह बचने के लिए भागा तो गड्ढे में गिरने की वजह से उसका पैर टूट गया। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी से की है। एसपी ने इस मामले में मदद का भरोसा दिलाया है। वहीं, आरोपी प्रिंसिपल इसे मनगढ़ंत आरोप बताकर पल्ला झाड़ रहे हैं।
कक्षा एक के पीड़ित विद्यार्थी निखिल शर्मा के पिता माता प्रसाद शर्मा के मुताबिक, 12 सितंबर को उनके बेटे की प्रिंसिपल विजय शंकर सिंह ने बेरहमी से पिटाई की। जब वह पिटाई से बचने के लिए भागा तो उसका पैर एक गड्ढे में पड गया, जिससे पैर में फ्रैक्चर हो गया। जानकारी मिलने पर उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टर ने उसके पैर में प्लास्टर चढ़ा दिया।
पिता ने मुफ्त में काम करने से किया था मना
माता प्रसाद का आरोप है कि प्रिंसिपल विजय शंकर सिंह उसे मुफ्त में काम के लिए कहते थे। उसने मना कर दिया तो वह उनके मासूम बेटे पर ही जुल्म ढाने लगे। उसे आए दिन किसी न किसी बात को लेकर प्रताड़ित करते रहते थे। बच्चे ने कई बार उनसे शिकायत की, लेकिन शिक्षक से जुड़ा मामला होने के कारण उसने बच्चे को समझा लिया।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
अपर पुलिस अधीक्षक मोहम्मद तारिक ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। उन्होंने कहा कि परिवार को न्याय मिलेगा, लेकिन वह यह भी देखेंगे कि प्रिंसिपल की गलती है भी या नहीं।
क्या कहते है प्रिंसिपल
प्रिंसिपल विजय शंकर सिंह का कहना है कि उन्हें झूठे मामले में फंसाया जा रहा है। 12 सितंबर को छात्र स्कूल आया ही नहीं था। हालांकि, अगले ही पल उन्होंने यह भी कहा कि हो सकता है कि छात्रों की आपस में मारपीट हुई हो।
तस्वीर में: परिजनों के साथ एसपी ऑफिस पहुंचा पीड़ित छात्र निखिल।