इलाहाबाद. इलाहाबाद की नैनी सेंट्रल जेल में शुक्रवार की रात डीएम और एसएसपी ने पुलिस बल के साथ छापेमारी की। आठ टीमों ने डेढ़ घंटे तक जेल की बैरकों की तलाशी ली। इस दौरान कुछ बैरकों से नशे का सामान बरामद हुआ। उसे कब्जे में ले लिया गया है। वहीं लगभग डेढ़ सौ बंदियों के इलाज के लिए डीएम ने जेल के वरिष्ठ अधीक्षक को निर्देश भी दिया।
डीएम भवनाथ और एसएसपी दीपक कुमार शुक्रवार देर शाम लगभग आठ बजे नैनी जेल पहुंचे। उनके साथ एसपी सिटी राजेश कुमार, टेनी आइपीएस सचींद्र पटेल और तीन सीओ समेत लगभग दर्जन भर थानों की फोर्स थी। अधिकारियों ने आठ टीमें गठित कर डेढ घंटे तक बैरकों की तलाशी करवाई। इस दौरान कुछ बैरकों से बीडी, सिगरेट, चम्मच, लाइटर , कैंची और ब्लेड भी बरामद हुआ। बरामद सामनों को नैनी पुलिस के हवाले कर दिया गया है।
बंदियों के इलाज का निर्देश
डीएम भवनाथ ने बताया कि जेल में लगभग डेढ़ सौ बंदियों के इलाज के लिए वरिष्ठ अधीक्षक अम्बरीश गौड को निर्देश दिया गया है। इन बंदियों में अधिकांश का ऑपरेशन होना है। हालांकि बजट की कमी से ऐसा नहीं हो पाया है। अब इन बंदियों के लिए बजट की व्यवस्था की जाएगी।
अस्पताल का भी किया गया निरीक्षण
एसएसपी दीपक कुमार ने बताया कि, एक टीम ने जेल के अस्पताल और भोजनालय का भी निरीक्षण किया। हालांकि इस दौरान कोई गडबडी नहीं मिली। मुख्य सचिव के निर्देश पर की गई इस छापेमारी के दौरान अधिकारियों नें बंदियों से बात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
फोटो: नैनी जेल में छापेमारी के बाद बाहर निकलते डीएम और एसएसपी।