पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Road Accident Girl Student Dead Allahabad Latest News

ट्रक की टक्कर से साइकिल सवार छात्रा की मौत, चालक फरार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
इलाहाबाद. घूरपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार की दोपहर ट्रक की टक्कर से एक साइकिल सवार छात्रा की मौत हो गई। घटना के बाद ट्रक का चालक फरार हो गया। हालांकि ट्रक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। घटना उस समय हुई जब छात्रा साइकिल से स्कूल बंद होने के बाद घर लौट रही थी। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
घूरपुर के बोंगी निवासी राम अभिलाष किसान हैं। उनकी बेटी कुमकुम (13) घुरपुर बाजार स्थित सरस्वती ज्ञान मंदिर में पांचवीं कक्षा की छात्रा थी। गुरुवार को स्कूल बंद होने के बाद दोपहर लगभग दो बजे वह साइकिल से घर लौट रही थी। इसी दौरान घूरपुर बाजार में रीवां की ओर जा रहे एक ट्रक ने कुमकुम की साइकिल में जोरदार टक्कर मार दिया। टक्कर इतनी जोरदार थी कि लड़की गंभीर रूप से घायल हो गई। जहां घटना हुई वह इलाका भीड़भाड़ वाला है। इसलिए ट्रक चालक वाहन लेकर भाग नहीं पाया।
अस्पताल में हुई मौत
घटना के बाद जब लोग चालक को पकड़ने के भागे तो वह ट्रक छोड़कर फरार हो गया। लोगों ने तुरंत कुमकुम को एक निजी वाहन से अस्पताल भेजा। जसरा पीएचसी में पहुंचने पर डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं पुलिस ने ट्रक को अपने कब्जे में ले लिया। कुमकुम की मौत की जानकारी मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और शव का पंचनामा कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
दो बहनों में बड़ी थी कुमकुम
रामअभिलाष की चार संतानों में कुमकुम तीसरे नंबर की थी। उनके दो बेटे विकास और आकाश हैं। जबकि कुमकुम से छोटी आकांक्षा है। बहन की मौत की जानकारी मिलने पर अस्पताल पहुंचे भाई-बहनों का रो-रोकर हाल-बेहाल था। पिता और मां भी बेटी की मौत से आहत दिखे।
तस्वीर में: अस्पताल की तस्वीर जहां, कुमकुम को डाक्टरों ने मृत घोषित किया।