इलाहाबाद. अब रोडवेज बस में यात्रा करते समय यात्रियों को बोरियत (उबाऊ) फील नहीं होगा। लंबी दूरी की यात्रा भी आसानी से कट जाएगी। इसके लिए रोडवेज प्रशासन की ओर से नई पहल शुरू की गई है। वोल्वो जैसे स्पेशल बसों में सफर करने वाले यात्रियों को ‘यात्रा दर्पण’ पत्रिका फ्री (मुफ्त) में पढ़ने के लिए दी जाएगी।
बताते चलें कि बस में सफर करने के दौरान अक्सर लोग बोर हो जाते हैं। बगल में बैठे यात्रियों से भी इतनी जल्दी सामंजस्य नहीं बैठा पाते कि बात कर सकें, क्योंकि कौन आदमी कैसा है इस बारे में कोई जानता नहीं। ऐसे में रोडवेज की यह नई पहल यात्रियों की मानसिक थकावट को दूर करने में मददगार साबित होगी। रोडवेज की पत्रिका ‘यात्रा दर्पण’ को वाल्वो, प्लेटिनम, एसी स्लीपर आदि बसों से यात्रा करने वालों को मुफ्त उपलब्ध कराई जाएगी।
पढ़ने के बाद वापस करनी होगी पत्रिका
वहीं, यात्रा समाप्त होने पर यात्रियों को यह पत्रिका वापस करनी होगी। रोडवेज के अधिकारियों की मानें तो लिखने-पढ़ने का शौक रखने वाले लोगों के लिए भी यह एक अच्छी पहल है। अधिकारियों का कहना है कि यदि कोई चाहता है कि उनका कोई लेख पत्रिका में छपे तो वह बेहिचक रोडवेज की मासिक पत्रिका ‘यात्रा दर्पण’ के लिए अपने लेख भेज सकते हैं। यदि लेख राज्य सड़क परिवहन निगम की शर्तों पर खरा उतरती है तो उनका लेख इस पत्रिका में प्रकाशित किया जाएगा।
पत्रिका का पहला संस्करण हो चुका है प्रकाशित
रोडवेज के क्षेत्रीय प्रबंधक सुमन कुमार यादव ने बताया कि लेखकों के विचार राजनीतिक और सांप्रदायिक नहीं होने चाहिए। कोई भी व्यक्ति अपने लेख को परिवहन निगम मुख्यालय के ऑफिस टेड़ी कोठी, लखनऊ के पते पर डाक या अन्य साधनों से भेज सकता है। पत्रिका का पहला संस्करण प्रकाशित हो चुका है, दूसरे की तैयारी चल रही है।
फाइल फोटो।