इलाहाबाद/कौशांबी. अब किसी भी थानाक्षेत्र में अवैध शराब बनने और बेचे जाने की खबर मिलने पर थानेदारों की खैर नहीं है। इसकी शिकायत मिलने पर थानेदार ही जिम्मेदार होंगे और जांच में देरी और लापरवाही बरतने पर वे ही नपेंगे। ये बातें रविवार को पुलिस अधीक्षक रतन पांडेय ने पुलिस लाइंस में मासिक अपराध समीक्षा बैठक के दौरान कही। इस दौरान उन्होंने थाना प्रभारियों की जमकर क्लास ली और घटनाओं को खुलासे में तेजी लाने का निर्देश दिया।
बताते चलें कि मंझनपुर पुलिस अधीक्षक रतन पांडेय ने रविवार को सभी थानेदारों को क्षेत्र में दबिश देकर अवैध शराब बनने और बेचे जाने पर रोक लगाने की हिदायत दी है। उन्होंने चेतावनी दी कि जांच में यदि शराब बनती मिली तो इसके लिए थानेदार जिम्मेदार होंगे। इस दौरान उन्होंने कौशांबी के गांवों में बनने वाली अवैध रूप से शराब बनाने और बेचने के धंधे को पूरी तरह से बंद कराने की हिदायत थाना प्रभारियों को दी।
अभियान चलाकर लगाएं अंकुश
उन्होंने कहा कि अभियान चलाकर इस काले कारोबार पर अनिवार्य रूप से अंकुश लगाया जाए। उन्होंने थाना प्रभारियों को चेताया कि जिस भी थाना क्षेत्र में अवैध रूप से शराब बनने और बिकने का मामला सामने आएगा। वहां के थानेदार को इसके लिए कसूरवार समझा जाएगा और उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
घटनाओं के खुलासे और जांच में देरी पर जताई नाराजगी
वहीं, समीक्षा बैठक के दौरान एसपी ने अपराध की घटनाओं के खुलासे और जांच में देरी पर भी नाराजगी जताई। गश्त में बरती जा रही लापरवाही पर भी उन्होंने थानेदारों को जमकर फटकार लगाई। जिले में लगातार हो रही चोरी और हत्या की घटनाओं पर भी खूब बरसे। इस दौरान उन्होंने थानेदारों को घटना होने की सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचने की हिदायत दी।
लापरवाही बर्दाश्त नहीं
साथ ही होने वाली घटनाओं के खुलासे में गंभीरता दिखाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस मौके पर एएसपी अनिल कुमार सिंह, सीओ सिटी पुर्णेंदु सिंह, सीओ सिराथू और अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
समीक्षा बैठक की फोटो।