इलाहाबाद. सिविल लाइन क्षेत्र में बुधवार को कोचिंग जा रहे छात्र को अनियंत्रित टाटा मैजिक ने रौंद दिया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। छात्र की मौत से लोग आक्रोशित हो गए। गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ के बाद टाटा मैजिक में आग लगा दी। इसकी सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने इलाहाबाद-कानपुर रोड पर हंगामा किया। पुलिस ने किसी तरह लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया। शव को पंचनामा के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
घटना बुधवार सुबह आठ बजे की है। 12वीं में पढ़ने वाला अनुपम शुक्ला कोचिंग जा रहा था। तभी रेड सिग्नल पार कर भाग रही एक तेज रफ्तार टाटा मैजिक ने उसे टक्कर मार दी। इससे वह गाड़ी के नीचे आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मृतक के पिता हाईकोर्ट में एडवोकेट हैं। छात्र की मौत से राहगीर आक्रोशित हो गए।
प्याज से भरा था ट्रक
उन्होंने मौके पर हंगामा कर दिया। टाटा मैजिक में तोड़फोड़ के बाद आग लगा दी। जब तक पुलिस मौके पर पहुंचती, तब तक वाहन जलकर खाक हो चुका था। जानकारी हो कि ट्रक प्याज से भरा हुआ था। ऐसे में लोगों द्वारा उसमें आग लगाने से माल सहित पूरा ट्रक जलकर खाक हो गया। इस दौरान पुलिस और वकीलों में जमकर पत्थरबाजी भी हुई।
अवैध वसूली के चलते होते हैं हादसे
पुलिस ने गुस्साए लोगों को किसी तरह शांत कराया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। लोगों का आरोप है की टाटा मैजिक का ड्राइवर अवैध वसूली से बचने के लिए अक्सर रेड सिग्नल से भागने की फिराक में रहते हैं। ऐसे में सड़क हादसे होते हैं।
पुरुषोत्तमपुर मिलकिया में डंपर से कुचलकर छात्र की मौत
दूसरी ओर, इलाहाबाद के होलागढ़ स्थित पुरुषोत्तमपुर मिलकिया में भी डंपर से कुचलकर कक्षा तीन में पढ़ने वाले एक छात्र की मौत हो गई। इस घटना से नाराज लोगों ने दो डंपरों को आग के हवाले कर दिया। वहीं, शिवकुटी के अपट्रॉन चौराहे पर मारपीट से नाराज बस चालकों ने चक्का जाम कर दिया।