फोटो: एडीए ऑफिस में छात्रों द्वारा की गई तोड़फोड़।
इलाहाबाद. कोचिंग संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर दर्जनों छात्रों ने शुक्रवार को हंगामा किया। एडीए ऑफिस में उन्होंने तोड़फोड़ की। अधिकारियों के खिलाफ नारेबाजी और गाली-गलौज करने लगे। इस दौरान छात्रों की कर्मचारियों के साथ हाथापाई भी हुई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया। वहीं, एडीए के वीसी ने अधिकारियों पर हो रहे हमले और शुक्रवार की घटना को लेकर डीएम से मुलाकात की है। उन्होंने मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है।
बताते चलें कि छात्रों और एक कोचिंग संचालक के बीच हुए विवाद के बाद मामला बिगड़ गया था। कुछ छात्रों ने कोचिंग संचालकों के खिलाफ आंदोलन छेड़ रखा है। गुरुवार को एक छात्र मानस शर्मा ने डीएम के सामने ही आत्मदाह का प्रयास किया था। वहीं, शुक्रवार को तीन दर्जन के करीब छात्र इंदिरा भवन स्थित एडीए ऑफिस पहुंच गए। यहां जमकर बवाल मचाया।
कर्मचारियों की मानें, तो छात्रों ने ऑफिस में पहुंचते ही वीसी अजय कुमार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। वे इस दौरान गाली-गलौच करने लगे। यही नहीं, उन्होंने ऑफिस के चैनल बंद कर दिए। गमले तोड़ दिए और खिड़की-दरवाजों को नुकसान पहुंचाया। इस बीच एडीए के कर्मचारी भी वहां पहुंच गए। उन लोगों ने बाहर जाने के लिए लगे दोनों चैनल बंद कर दिए। दर्जनों कर्मचारियों से घिरे छात्रों का तेवर देखते ही देखते शांत होने लगा।
इस बीच पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने मौके से पांच छात्रों को हिरासत में ले लिया। शांति भंग करने के आरोप में उनपर चालान करने की तैयारी की जा रही है। एडीए के वीसी की ओर से भी घटना की तहरीर देने की तैयारी चल रही है। वीसी ने इस मामले में डीएम भवनाथ और एसएसपी दीपक कुमार से बात कर घटना पर नाराजगी जताई है। चर्चा यह भी है कि वीसी पूरे मामले की रिपोर्ट शासन भेजने की तैयारी कर रहे हैं।
आगे देखिए, खबर से जुड़ी अन्य तस्वीरें...