इलाहाबाद. शिवकुटी थाने में दरोगा की पिस्टल से गोली चलने से एक सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना मंगलवार देर रात की है। बताया जा रहा है कि दरोगा पिस्टल की साफ-सफाई करने के बाद उसमें मैगजीन डाल रहा था, इसी दौरान अचानक गोली चल गई और सिपाही की पांव में जा लगी। आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं, इस घटना से पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। एसएसपी ने आरोपी दरोगा को निलंबित कर दिया है।
पुलिस के मुताबिक, गोली गलती से चली है। दरोगा सुरजीत सिंह पिस्टल की साफ-सफाई करने के बाद मैगजीन को सरकारी पिस्टल में डाल रहे थे, तभी गोली चल गई। गोली सिपाही धर्मेंद्र कुमार की पैर में लगने से वह जख्मी हो गया। आनफ-फानन में उसे एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया। इस जानकारी होते ही पुलिस के आलाधिकारी भी रात में ही सिपाही को देखने के लिए अस्पताल पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, दरोगा सुरजीत सिंह की हाल ही में भर्ती हुई है। उसे अफसरों ने जमकर फटकर लगाई। वहीं, शिवकुटी थाने की पुलिस पूरे मामले को दबाने की कोशिश करती रही। यही नहीं, पहले तो थाने पर तैनात दरोगा इस घटना की जानकारी से ही इनकार करते रहे। हालांकि, जब एसएसपी के निर्देश पर एफआईआर दर्ज कराई गई तो मामला सामने आया।
एसओ शिवकुटी संतोष कुमार शर्मा ने बताया कि गोली गलती से चली थी। सिपाही ने प्राथमिक उपचार के बाद अपने घर वाराणसी जाने की इच्छा जताई थी। इसलिए उसको वहां भिजवा दिया गया है। सिपाही को एक दिन वाराणसी के ही निजी अस्पताल में रखा गया। उसकी हालत में सुधार हो रहा है। वहीं, लापरवाही बरतने के आरोप में दरोगा को निलंबित कर दिया है। सिपाही की तहरीर पर दरोगा के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज कर लिया गया है।
फाइल फोटो।