तस्वीर में: काशीनाथ के घर महिलाओं से पूछताछ करते एसपीआरए विजय गौतम।
- गांव के बाहर घात लगाकर बैठे हमलावरों ने दिया घटना को अंजाम
- वर्चस्व को लेकर डेढ़ वर्ष से चल रहा है विवाद
- खेत में नीलगाय जाने पर शुरू हुआ था विवाद
- परिवार के छह सदस्य हत्या के मामले में काट रहे हैं जेल
इलाहाबाद. औद्योगिक क्षेत्र स्थित बेंदो गांव में शनिवार को पुरानी रंजिश में एक वृद्ध की गोली मारकर हत्या कर दी गई। हत्यारे गांव के ही बताए जा रहे हैं। हमले में मृतक का नाती भी घायल हुआ है, जिसे एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सूचना के लगभग आधे घंटे बाद जब वहां पुलिस पहुंची तब तक हमलावर वहां से भाग चुके थे। इस मामले में परिजनों ने सात लोगों के खिलाफ पुलिस को तहरीर दी है।
बेंदो निवासी काशी प्रसाद तिवारी (85) का गांव के ही त्रिभुवन नाथ तिवारी से जमीन को लेकर पुराना विवाद चल रहा है। शनिवार की सुबह 11 बजे काशी प्रसाद अपने नाती चटकहना निवासी जितेंद्र मिश्रा के साथ बाइक से कोर्ट जा रहे थे। दोनों गांव से निकलकर बेंदों-पनासा मार्ग पर पहुंचे तभी सामने से तीन बाइक पर सवार सात लोग आ धमके। बाइक सवारों ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी, जिससे जितेंद्र बाइक समेत गिर पड़ा। इसी दौरान हमलावरों ने काशी और जितेंद्र को अपनी गोलियों का निशाना बना लिया। काशी को सीने और कनपटी पर गोली लगी और उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया, जबकि जितेंद्र के पैर में गोली लगी है।
काफी देर घटनास्थल पर ही पड़ा रहा शव
हत्याकांड को अंजाम देने के बाद हमलावर पनासा की ओर भाग निकले। काशी का शव लगभग 15 मिनट तक मौके पर ही पड़ा रहा। इस दौरान वहां से गुजर रही गांव की महिलाओं की नजर पड़ी तो उन्होंने उनके घरवालों को घटना की सूचना दी। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। परिवार के लोगों ने जितेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, जबकि काशी के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
दो घंटे बाद मौके पर पहुंचे आला अधिकारी
हत्या की खबर मिलने के लगभग दो घंटे बाद सीओ करछना और एसपीआरए मौके पर पहुंचे। फील्ड यूनिट ने भी वहां पहुंचकर सुबूत जुटाए। हालांकि बारिश के कारण मौके से सुबूत भी धूमिल हो चुके थे। फील्ड यूनिट प्रभारी प्रेम भारती ने काफी मुश्किल से ब्लक सैंपल जुटाए। वहीं, एसपीआरए ने मृतक के घर पहुंचकर लोगों से बात की।
आगे पढ़िए शक जताते हुए सात लोगों पर दी तहरीर...