जसरा के रेरा गांव की रहने वाली अंजलि (22) जसरा बाजार में कंप्यूटर सीखती थी। सुबह लगभग साढ़े नौ बजे वह कंप्यूटर सेंटर में क्लास समाप्त होने के बाद स्कूटी से घर लौट रही थी। जसरा-रेरा मार्ग पर सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर ने पहले स्कूटी में टक्कर मारी। इससे युवती सड़क पर गिर गई और फिर ट्रैक्टर चालक युवती को कुचलते हुए आगे निकल गया।
घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया। आस-पास मौजूद स्थानीय लोगों ने इस घटना से आक्रोशित होकर चक्काजाम कर दिया। सूचना पाकर घटनास्थल पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेने की बात कही। आक्रोशित लोगों ने शव को कब्जे में लेने से मना कर दिया। दरअसल, मृतक अंजलि का
विवाह छह महीने चाकघाट के रहने वाले मुकेश सिंह के साथ हुआ था।
ऐसे में उसके मायके वाले वाहते थे कि ससुराल पक्ष के आने के बाद ही शव को हटाया जाए। इस पर जब एसओ रामराज सिंह ने जबरदस्ती की तो लोगों ने उनकी जमकर पिटाई कर दी। इसके बाद वरिष्ठ अधिकारियों ने घटनास्थल पहुंचकर मामले को शांत कराया। बाद में शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
फोटो: घटना से आक्रोशित लोगों ने घंटों किया चक्काजाम।