इलाहाबाद. राज्य में हुए उपचुनाव में सपा की जीत पर कार्यकर्ता गदगद हैं। मंगलवार को नतीजे आने के साथ ही शहर में जश्न का माहौल बन गया है। कार्यकर्ता जगह-जगह पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार कर रहे हैं। कहीं मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के पोस्टर को मिठाई खिलाई जा रही है तो कहीं लोगों को मिठाई बांटकर उन्हें अपनी खुशी में शामिल किया जा रहा है।
बताते चलें कि मंगलवार को दोपहर बाद चुनाव परिणाम आते ही सपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटने लगी। पहले ऑफिस में मिठाई बांटकर जश्न मनाया गया। इसके बाद कार्यकर्ता सड़कों पर उतर आए। सिविल लाइंस के सुभाष चौराहे पर उत्साही कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़कर अपनी खुशी का इजहार किया। इस दौरान कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
शहर में निकाली साइकिल रैली
सपा कार्यकर्ताओं ने प्रदेश में आठ विधानसभा सीटें जीतने का जश्न अलग-अलग अंदाज में मनाया। इस दौरान एक साइकिल रैली भी निकाली गई, जो शहर के कई इलाकों से होते हुए गुजरी। इसमें समाजवादी युवा जनसभा के कार्यकर्ता भी थे।
शुरू हुआ बैठकों का दौर
सपा की जीत के साथ ही पार्टी के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह नजर आने लगा है। अब तक शांत बैठे कार्यकर्ता मंगलवार को सक्रिय नजर आए। सपा के जिला ऑफिस के साथ ही मंडलों में स्थित ऑफिसों भी शाम तक बैठकों का दौर चलता रहा। इलाहाबाद के जिलाध्यक्ष कृष्णमूर्ति सिंह यादव ने पार्टी की जीत पर कहा कि यह सपा का सुशासन है, जिसकी जीत हुई है।
तस्वीर में: पटाखे फोड़कर जीत का जश्न मनाते सपा कार्यकर्ता।