इलाहाबाद. बीजेपी नेता वरुण गांधी के खिलाफ की गई बयानबाजी पर भाजपाइयों ने अपने ही पार्टी के सांसद के विरोध में मोर्चा खोल दिया। वरुण समर्थक बीजेपी कार्यकर्ताओं ने उन्हें यूपी का भावी सीएम बताते हुए सोमवार को प्रयाग नगरी में पार्टी सांसद श्यामाचरण के घर पर प्रदर्शन करते हुए जमकर हंगामा किया। यहीं नहीं उन्होंने सांसद के घर पर पत्थर भी फेंके। उनके घर के मेन गेट को हिलाया।
दरवाजे पर लगे होर्डिंग्स और बैनर फाड़ डाले और नारेबाजी करते हुए उनके पुतले को जलाने का प्रयास किया। वरुण समर्थकों ने कहा कि यदि श्यामाचरण अपने बयान को वापस नहीं लेंगे तो उनके खिलाफ इससे भी उग्र प्रदर्शन किया जाएगा।
बताते चलें कि सांसद श्यामाचरण गुप्ता ने दो दिन पहले यह बयान दिया था कि, जनता नेहरू-गांधी परिवार से ऊब चुकी है। लोकसभा चुनाव के नतीजों से साफ है कि जनता ने बड़ी मुश्किल से इस परिवार से पीछा छुड़ाया है, ऐसे में वरुण का नाम आगे करना कतई ठीक नहीं है। श्यामाचरण के मुताबिक वरुण गांधी को सिर्फ उनकी मां (मेनका गांधी) ही प्रोजेक्ट कर रही हैं और पार्टी के किसी नेता या कार्यकर्ता ने उनके लिए आवाज नहीं उठाई है। कानपुर में वरुण के लिए प्रदर्शन खुद उनके लोगों द्वारा कराया गया था।
सीएम पद के लिए किया अपने बेटे का एलान
श्यामाचरण का कहना है कि यदि अपने बेटों को प्रोजेक्ट करने से ही कोई सीएम या पीएम बन सकता है तो वह भी अपनी तरफ से अपने बेटे विदुप अग्रहरि के नाम का एलान कर देंगे। उन्होंने कहा कि, वरुण गांधी इकलौते काबिल और पसंदीदा युवा चेहरा नहीं हैं, बल्कि यूपी में उनके जैसे लाखों करोड़ों लोग हैं।
इलाहाबाद से सीएम क्यों नहीं
श्यामाचरण ने इशारों में वरुण पर निशाना साधते हुए कहा कि यदि वह इतने बड़े नेता हैं तो पीलीभीत को छोड़कर सुल्तानपुर से चुनाव लड़ने के लिए क्यों आए। हालांकि उन्होंने सफाई दी कि वह वरुण को नापसंद नहीं करते लेकिन सीएम के तौर पर ऐसे शख्स को प्रोजेक्ट किया जाना चाहिए जिसे यूपी की बीस करोड़ जनता पसंद करे। उन्होंने इलाहाबाद के ही किसी नेता को सीएम के तौर पर प्रोजेक्ट किए जाने की मांग की।
तस्वीर में: सांसद श्यामाचरण गुप्ता के घर के बाहर हंगामा करते वरुण समर्थक।