इलाहाबाद. झूंसी थाना क्षेत्र के छिबैयां गांव में शुक्रवार को एक शराबी पति ने धारदार हथियार से अपने पत्नी की गला काटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी फरार हो गया। दोनों के बीच शराब के लिए रुपए को लेकर विवाद हुआ था। मृतका के पिता ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या में प्रयोग किए गए दो धारदार हथियारों को भी पुलिस ने बरामद कर लिया है।
जानकारी के अनुसार छिबैंया निवासी राहुल यादव उर्फ मल्लू खेती किसानी करता है। वह अक्सर शराब पीता था। इस कारण उसका अपनी पत्नी ज्योति (38) से हमेशा झगड़ा होता था। मल्लू शराब के लिए रुपए मांगता और नहीं देने पर ज्योति की पिटाई करता था। शुक्रवार की शाम राहुल ने ज्योति से शराब के लिए रुपए मांगे। नहीं देने पर उसने ज्योति की पिटाई शुरू कर दी। ज्योति ने जब इसका विरोध किया तो उसने घर में रखे गंडासे से उसके ऊपर वार शुरू कर दिया। उसने ज्योति के गले और शरीर पर कई वार किए, जिससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।
इसी दौरान ज्योति का पिता बनवारी वहां पहुंच गया। उसने देखा कि राहुल के हाथ में खून लगा है। जब उसने पूछा तो राहुल वहां से भाग निकला। शंका होने पर बनवारी घर के अंदर पहुंचा तो वहां ज्योति की लाश मिली। इसकी जानकारी बनवारी ने तुरंत पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने ज्योति के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। साथ ही बनवारी की तहरीर पर राहुल के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने कमरे से दो धारदार हथियार भी बरामद किए हैं, जिनसे ज्योति पर वार किए गए थे। एसओ एनके नागर ने बताया कि ज्योति के दो बेटे और एक बेटी हैं। तीनों किसी काम से बाहर गए थे। घटना के समय घर में कोई नहीं था। आरोपी की तलाश की जा रही है।
धारदार हथियार की प्रतीकात्मक तस्वीर और इनसेट में मृतका की फाइल फोटो।