इलाहाबाद. कर्नलगंज थाना क्षेत्र के ममफोर्डगंज इलाके में सोमवार की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना को अंजाम देने के बाद हत्यारे मौके से फरार हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस सक्रिय हो गई है। इसके बाद भी देर रात हत्यारों का कोई सुराग नहीं मिला। परिजनों ने मोहल्ले के ही तीन युवकों पर शक जताते हुए पुलिस को तहरीर दी है। हत्या का कारण सुअर चोरी का विवाद बताया जा रहा है।
ममफोर्डगंज स्थित हलवाई चौराहा निवासी इकराम सोनकर सब्जी का व्यवसाय करते हैं। उनके तीन बेटों में मझला राजू (32) सुअर की खरीद-फरोख्त करता था। बडा प्रमोद और छोटा वीरेंद्र आर्केस्टा का संचालन करते हैं। सोमवार की रात लगभग नौ बजे राजू आबकारी गोदाम के पीछे अपने एक दोस्त रशीद के घर पर अलाव ताप रहा था। इसी दौरान किसी ने उसे गोली मार दी।
परिजनों को घटना की जानकारी मिली तो वे तुरंत मौके पर पहुंचे। इसके बाद घटना की सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस के पहुंचते ही राजू को एसआरएन अस्पताल पहुंचाया गया। जहां जांच के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। राजू की मौत की जानकारी मिलते ही परिजन आक्रोशित हो उठे। हालांकि, पुलिस ने उन्हें समझा-बुझाकर शांत किया।
सीओ वीरेंद्र कुमार ने बताया कि परिजनों ने तीन युवकों पर शक जताया है। इनमें एक से राजू का सुअर चोरी को लेकर दस दिन पहले विवाद हुआ था। आरोपी युवकों में दो फरार हैं। ऐसे में पुलिस का उनपर शक बढ़ गया है। पुलिस को मौके से 315 बोर का एक खाली कारतूस मिला है। राजू के गले से भी एक कारतूस बरामद किया गया है। राजू पर हत्या समेत कई मुकदमे भी दर्ज हैं।
दोस्तों पर है शक
राजू के भाई प्रमोद ने बताया कि रशीद ही राजू को घर से बुलाकर ले गया था। उसके साथ दो और दोस्त थे। दोनों फरार हैं। इनमें भुंदल और नन्हें शामिल हैं।
फोटो: घटना के बाद अस्पताल पहुंचे परिजन।