गोरखपुर. सोमवार की रात एग्जाम के दौरान तेज आवाज़ में डीजे न बजाने की रिक्वेस्ट करना मदन मोहन मालवीय इंजीनियरिंग कॉलेज के स्टूडेंट्स को भरी पड़ गया। पहले तो दबंगों ने उन्हें तमंचा दिखाकर धमकाया और रही सही कसर पुलिस की लाठियों ने पूरी कर दी।
खोराबार थानाक्षेत्र स्थित इंजीनियरिंग कॉलेज के गेट के ठीक सामने स्थित कॉलोनी में स्टूडेंट्स प्राइवेट हॉस्टल में रहते हैं। इंजीनियरिंग कॉलेज में इंजीनियरिंग और एमबीए के सेमेस्टर एग्जाम चल रहे हैं। नाम न छापने की शर्त पर एक स्टूडेंट ने बताया कि इलाके के एक पेंट व्यापारी के यहाँ मुंडन समरोह का जश्न मनाने के लिए तेज आवाज़ में डीजे चल रहा था।
सेमेस्टर एग्जाम की तैयारी में व्यवधान होने के चलते स्टूडेंट्स ने डीजे की आवाज़ कम करने को कहा जो व्यपारी के यहां मेहमानों को नगवार गुजरा। छात्रों का आरोप है कि चार लोग हॉस्टल में घुस आये और एक स्टूडेंट के कनपटी पर तमंचा सटा कर पहले तो उसे धमकाया और फिर उसके साथ मारपीट की।
मारपीट की घटना से उत्तेजित छात्र व्यापारी के घर के सामने एकत्र होकर छात्र को धमकाने वाले व्यक्ति से माफ़ी मंगवाने की मांग करने लगे। स्टूडेंट्स के घेराव और इलाके में तनाव की स्थिति देखते हुए पुलिस को सूचना दी गयी। मौके पर पहुंच सीओ कैंट के साथ इंजीनियरिंग कॉलेज चौकी इंचार्ज और क्यूआरटी की टीम ने पहले छात्रों को समझाने का प्रयास किया। न मानने पर पुलिस ने लाठीचार्ज करते हुए छात्रों को तितर बितर कर दिया।
लाठीचार्ज में आधा दर्जन छात्रों को मामूली चोटें आयी हैं। मौके पर मौजूद छात्रों ने हॉस्टल से दो छात्रों को बुलाकर, उनकी चोटें दिखाकर लाठीचार्ज होने की तस्दीक की जबकि पुलिस लाठीचार्ज से इनकार कर रही है। पेंट व्यापारी के यहाँ आये मेहमानों ने छात्रों पर डीजे में डांस कर रही महिलाओं के साथ छेड़खानी का आरोप लगाया है। जबकि स्टूडेंट्स का कहना हैकि हॉस्टल की बालकनी में खड़ा होने पर भी यह व्यापारी उनसे बदसलूकी करता है और धमकाता है।
एसपी सिटी परेश पाण्डेय ने बाते कि स्टूडेंट्स के सेमेस्टर के एक्साम्स चल रहे है, पड़ोस में कोई कार्यक्रम चल रहा था। डीजे की तेज आवाज़ के चलते दोनों पक्षों में विवाद हो गया। दोनों पक्षों को समझा कर विवाद को समाप्त कराया गया।