गोरखपुर. कैंट इलाके के रुस्तमपुर से जय सिंह साहनी को बोलेरो सहित अगवा कर उनकी हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने शव को बहराइच की एक नदी में फेंक दिया। पुलिस ने हत्याकांड के सरगना पन्ना लाल यादव उर्फ डॉक्टर को बहराइच से गिरफ्तार कर इसका खुलासा किया है। पुलिस ने पन्ना के तीन साथियों को भी बोलेरो के साथ गिरफ्तार कर लिया। साहनी का शव बरामद नहीं हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, आरोपियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि बोलेरो लूट के बाद उन्होंने जय सिंह साहनी की हत्या कर दी थी। शव को घटना वाले दिन ही बहराइच की एक नदी में फेंक दिया। वारदात 19 महीने पहले हुई थी। पुलिस खुलासे के लिए काफी दिनों से छापेमारी कर रही थी।
जय सिंह के भाई ने दर्ज करवाया था केस
गोरखपुर के एसएसपी आरके भारद्वाज ने बताया कि रुस्तमपुर के थाना कैंट क्षेत्र के राजन कुमार साहनी ने 21 मार्च 2013 को अपने भाई जयसिंह साहनी के बोलेरो सहित गायब होने की रिपोर्ट लिखवाई थी। इसमें विशिष्ट मुनि और कासिम उर्फ बबलू खान को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।
सरगना पन्नालाल यादव पर दर्ज हैं दर्जनों मामले
गाड़ी के संबंध में कोई सूचना नहीं मिलने पर मामले को क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। विवेचना के दौरान मुश्ताक ने पन्नालाल यादव उर्फ डॉक्टर के बारे में जानकारी दी थी। इसके बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपियों के पास से असलहे और कारतूस बरामद हुए हैं। गैंग के सरगना पन्नालाल यादव पर कई जिलों में एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं।
जय सिंह साहनी हत्याकांड के आरोपियों को पेश करती पुलिस (तस्वीर में)