गोरखपुर. बहुजन समाज पार्टी (बीएसपी) ने पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद को पार्टी से निकाल दिया है। चुनाव से पहले पार्टी से निकाले जाने की यह कार्रवाई मायावती ने की है। पूर्व मंत्री पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। वहीं, राम भुआल ने मायावती पर टिकट के लिए 6 करोड़ रिश्वत मांगे जाने का आरोप लगाया है।
टिकट के लिए मांगे छह करोड़
सस्पेंड किए गए पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद ने कहा कि तीन फरवरी को मायावती और लालजी वर्मा ने उनसे टिकट के लिए 6 करोड़ रुपए मांगे। यह भी कहा कि इसके लिए आठ करोड़ मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस पर असमर्थता जताने पर उन्हें पार्टी से निकाल दिया गया।
क्या कहते हैं पार्टी जिलाध्यक्ष
बसपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि राम भुआल के बारे में कई जगह से पार्टी विरोधी प्रचार-प्रसार करने की सूचनाएं मिल रही थी। यह हाईकमान तक गई थी। इस पर सख्त रुख अख्तियार करते हुए मायावती ने पार्टी से निष्कासित कर दिया है।
18 साल तक थे पार्टी में
राम भुआल ने कहा कि 1998 से 2016 तक पार्टी का पूरे तन मन धन से सेवा किया। हमेशा पार्टी को ऊंचा उठाने का काम किया। गोरखपुर ग्रामीण क्षेत्र से दूसरे को टिकट देने की यह चाल है। जनता सबसे बड़ी अदालत होती है। वहीं, जाकर न्याय मांगूंगा। बागी बनकर पार्टी को सबक सिखाऊंगा।
फाइल फोटो: पूर्व मंत्री राम भुआल निषाद।