पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Gorakhpur Close Against Banwari Lal Kanchhal Beating Business Affected Uttar Pradesh

कंछल की पिटाई के विरोध में गोरखपुर बंद, 200 करोड़ से अधिक का कारोबार प्रभावित

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
फोटो: चेतना तिराहे से जुलूस निकालते व्यापारी।

गोरखपुर. व्यापारी नेता बनवारी लाल कंछल की न्यायालय में की गई पिटाई में आरोपी अधिवक्ताओं की गिरफ्तारी और उन पर रासुका लगाए जाने की मांग को लेकर गुरुवार को व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठानों को बंद रखा। व्यापारी चेतना तिराहे से जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और उन्हें ज्ञापन सौंपा। जिलाधिकारी ने उनका मांग पत्र लेते हुए आश्वस्त किया कि वे उनकी मांग को सीएम तक पहुंचाएंगे। व्यापारी नेता प्रमोद टेकड़ीवाल के मुताबिक, बंदी के कारण 200 करोड़ रुपए से अधिक का टर्न ओवर प्रभावित हुआ है।

यूपी उद्योग व्यापार मंडल के आह्वान पर गुरुवार को संयुक्त व्यापार मंडल गोरखपुर सहित व्यापार मंडल के दो अन्य संगठनों में गजब की एकता देखने को मिली। सांसद और गोरक्षपीठाधीश्वर महंत योगी आदित्यनाथ द्वारा समर्थन दिए जाने से व्यापारियों का मनोबल और बढ़ गया। जिले के सभी पेट्रोल पंप सुबह से ही बंद थे, जबकि व्यापारिक प्रतिष्ठान सुबह 10 बजे से पूरी तरह से बंद हो गए।
50 से अधिक व्यापारिक संगठनों के नेता रहे शामिल
50 से अधिक व्यापारी संगठनों के व्यापारियों और व्यापारी नेताओं का समूह धीरे-धीरे गोलघर स्थित चेतना तिराहे पर जुटने लगा। संयुक्त व्यापार मंडल गोरखपुर के संयोजक सीताराम जायसवाल और यूपी उद्योग व्यापार मंडल के प्रदेश उपाध्यक्ष और संयुक्त व्यापार मंडल गोरखपुर के सह संयोजक प्रमोद टेकड़ीवाल की अगुवाई में व्यापारी जुलूस की शक्ल में जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे। व्यापारी नेताओं के प्रतिनिधिमंडल में शामिल पांच व्यापारी नेताओं ने डीएम रंजन कुमार को पत्रक सौंपा।

पेट्रोल-डीजल न मिलने से सड़क पर खड़ी हो गईं गाड़ियां
पेट्रोल पंपों की बंदी से वाहन सवार अपने वाहनों को लेकर इधर-उधर पेट्रोल की तलाश में भटकते नजर आए। इन्हें बंदी के बारे में पहले जानकारी नहीं थी और वे आज सड़क पर निकले तो उनमें से कई की गाड़ियां बीच रास्ते में ही खड़ी हो गई। शाम साढ़े तीन बजे के बाद से कुछ पेट्रोल पंप खुलने शुरू हो गए थे। कुछ व्यापारिक प्रतिष्ठान भी खुले।
प्रमुख बाजारों में ही रही बंदी
व्यापार मंडल की यह बंदी कुछ प्रमुख मार्केटों तक ही सीमित रही। पूर्वांचल की सबसे बड़ी दवा मंडी भालोटिया, इलेक्ट्रानिक्स गुड्स मार्केट शाही मार्केट, बलदेव प्लाजा, उर्दू बाजार, गोलघर आदि में पूर्णतया बंदी रही। छोटे प्रतिष्ठान खुले रहे जहां से लोगों की रोज मर्रा की जरूरतें पूरी हुईं।
आगे देखिए गोरखपुर बंद की तस्वीरें...