तस्वीर में: गोरखपुर के सांसद और महंत योगी आदित्यनाथ के साथ गोरखनाथ मंदिर में ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ को श्रद्धा-सुमन अर्पित करने के लिए जाते केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र।
गोरखपुर. केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने बुधवार की शाम गोरखनाथ मंदिर पहुंचकर ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ को श्रद्धा-सुमन अर्पित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि ब्रह्मलीन महंत का संकल्प था कि अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण हो। उनके इस संकल्प को पूरा करने में कुछ प्रतिबद्धताएं हैं, लेकिन उनका यह सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
कलराज मिश्र ने विधानसभा उपचुनाव में मिली हार के बाबत कहा कि प्रदेश सरकार ने सारी लोकतांत्रिक मान्यताओं को ध्वस्त कर चुनाव के नतीजे प्राप्त किए हैं। उन्होंने कहा, ‘मैं बिजनौर गया था, वहां प्रदेश सरकार के मंत्री खुलेआम लोकतांत्रिक मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे थे। इसकी शिकायत की भी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं की गई। उलटे हमारे लोगों को प्रताड़ित किया गया और धमकी दी गई।’
केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र ने कहा कि पूज्य ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ का शरीर भले ही शांत हो गया है, लेकिन सभी को उनका आशीर्वाद और मार्गदर्शन मिलता रहेगा। वे राम जन्मभूमि मंदिर आंदोलन के प्रणेता तो थे ही, साथ ही गोरक्षपीठ पर अधिष्ठित होते हुए भी समाज में समरसता और ममता का निर्माण किया।
उन्होंने कहा, ‘मैं जब भी गोरखपुर आता था और यदि पूजनीय महंत जी से नहीं मिलता था तो ऐसा लगता था कि जैसे कुछ खो दिया है।’ उन्होंने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ का संकल्प अयोध्या में राम जन्मभूमि पर भव्य राम मंदिर का निर्माण कराने का था, उनका यह सपना निश्चित रूप से साकार होगा।
आगे देखिए गोरखनाथ मंदिर में ब्रह्मलीन महंत अवैद्यनाथ को श्रद्धा-सुमन अर्पित करते केंद्रीय मंत्री कलराज मिश्र और महंत योगी आदित्यनाथ की तस्वीरें…