गोरखपुर. प्रमुख सचिव और नोडल अधिकारी डॉ. गुरदीप सिंह ने गुरुवार शाम स्थानीय अफसरों की जमकर क्लास ली। उन्होंने डीएम सहित अन्य अफसरों से पूछा कि उन्होंने क्या ऐसा भी कोई काम किया है, जो दूसरों से हटकर हो। वह अन्य जिलों और राज्यों के लिए मिशाल बन सके। यही नहीं, उन्होंने अफसरों को काम करने के तरीके बताए।
विकास कार्यो की समीक्षा बैठक में डॉ. गुरदीप सिंह ने खासतौर से पोल्ट्री फार्म और कामधेनु योजना के संचालन पर जोर दिया। उन्होंने कहा, दोनों योजनाएं ईमानदारी से चलाई जाएं, तो जिले की आर्थिक स्थिति सुधर जाएगी।
लोहिया गांव गोरेडीह में लगी चौपाल
इससे पहले गुरुदीप सिंह ने सहजनवां ब्लाक के लोहिया गांव गोरेडीह का निरीक्षण कर चौपाल लगाई। इस दौरान ग्रामीणों ने बताया कि पांच घंटे भी बिजली नहीं मिलती। शौचालय प्रयोग के बारे में एक लाभार्थी मंदोदरी ने कहा कि प्रयोग नहीं किया जाता। वहीं, चंद्रावती ने आवास की समस्या बताई। रामप्रताप ने बताया कि 15 साल से सड़क जर्जर है। प्रमुख सचिव ने राजीव आवास योजना के तहत 18.50 करोड़ शासन से मिलने के बाद भी कार्य पूरा न होने पर नाराजगी जताई।