झांसी. केंद्रीय जल संसाधन मंत्री उमा भारती ने बुधवार को कहा कि अयोध्या में एक गुंबद राम मंदिर का है। इसकी वैधानिक पुष्टि भी हो चुकी है, इसलिए मंदिर के निर्माण में कोई प्रॉब्लम नहीं है।
दोनों पक्ष कर सकते हैं समझौता
आठ दिन के प्रवास पर झांसी पहुंची उमा ने कहा कि कोर्ट ने इसे डिस्प्यूट ऑफ लैंड घोषित किया है। लेकिन अगर दोनों पक्ष चाहें तो इसके लिए बाहर समझौता कर सकते हैं। कोर्ट बाहर के सेटलमेंट को मान भी लेगी और मामला खत्म हो जाएगा।
बुंदेलखंड पर ये बोलीं उमा
सर्किट हाउस में मीडिया से बातचीत में उमा ने कहा कि बुंदेलखंड में अकाल की स्थिति है। केंद्र सरकार सूखा पड़ने से रोक तो नहीं सकती, लेकिन इससे मुकाबला जरूर कर रही है। सरकार ने फसल बीमा योजना सहित कई योजनाएं बनाई हैं, जो कारगर साबित होंगी। राज्य सरकार को भी खूब पैसा दिया गया है। वहीं, बुंदेलखंड में दलितों पर अत्याचार के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि यह बेहद संवेदनशील मुद्दा है। ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।