कानपुर/उन्नाव. उन्नाव में कचहरी के सामने वकीलों ने जमकर दबंगई की। एक युवक की गाड़ी से वकील के कपड़ों पर छींटे पड़ गई। इससे वकील को गुस्सा आ गया। वह युवक को पकड़कर पीटने लगा। यही नहीं वकील ने अपने साथियों के साथ मिलकर युवक की जमकर धुनाई की। वहीं, पुलिस भी मूकदर्शक बनकर युवक को पीटते हुए देखती रही। बाद में स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप करने के बाद वकीलों ने युवक को छोड़ा।
जानकारी के मुताबिक, कचहरी के सामने कई वकील खड़े हुए थे। इसी दौरान एक युवक की गाड़ी से वकील के कपड़ों पर कीचड़ के छींटे पड़ गए। इससे वकील ने अपना आपा खोकर युवक को पीटना शुरू कर दिया। यह देखते ही लोगों की भीड़ जुटना शुरू हो गई, तभी कुछ अन्य वकील भी वहां पहुंच गए। हालांकि, उन्होंने वकील को समझाने की बजाय साथ मिलकर युवक को ही पीटना शुरू कर दिया।
पुलिस बनी रही मूकदर्शक
लोगों का कहना है कि इस दौरान पुलिस भी वहां मौजूद थी, लेकिन वकीलों की गुंडई के आगे कानून बेबस नजर आ रहा था। बाद में स्थानीय लोगों की रोक-टोक के बाद वकीलों ने युवक को मारना बंद किया। वकीलों के चंगुल से छूटते ही युवक अपनी जान बचाकर भाग गया।
आगे की स्लाइड में देखें संबंधित तसवीर...