कानपुर. सीएम अखिलेश यादव ने गुरुवार को गंगा बैराज के पास प्रस्तावित ट्रांसगंगा हाईटेक सिटी का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने पीएम मोदी के स्वच्छता अभियान पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा- 'अपनी जिंदगी में कभी झाड़ू नहीं उठाई, लेकिन इस अभियान से जोड़ दिया गया। सपा ने झाड़ू उठाने का नहीं, बल्कि सफाई कर्मचारियों को इनामी राशि देकर सम्मानित करने का फैसला किया है।'
अखिलेश ने बीजेपी का नाम लिए बगैर कहा कि उस पार्टी के घोषणा-पत्र में झाड़ू उठाने की कोई बात नहीं लिखी थी। इसके बावजूद वे झाड़ू लेकर सफाई अभियान में कूद पड़े। उन्होंने वार्ड को साफ रखने वाले कर्मचारियों को इनाम देने का एलान किया है। इसके तहत फर्स्ट आने वाले सफाई-कर्मचारी को एक करोड़, सेकेंड को 30 लाख और थर्ड स्थान पर रहने वाले को 20 लाख रुपए बतौर इनाम दिए जाएंगे।
बताते चलें कि पीएम मोदी सात नबंवर को काशी पहुंचे थे। वहां उन्होंने जयापुर गांव को गोद लिया था। साथ ही अस्सी घाट पर सफाई अभियान की शुरुआत की थी। इस दौरान मोदी ने फावड़े से घाट की सीढ़ियों से मिट्टी हटाई थी। पीएम मोदी ने इसके बाद सीएम अखिलेश सहित यूपी के 9 लोगों स्वच्छता अभियान से जोड़ा था। इसमें राजू श्रीवास्तव, मनु शर्मा, क्रिकेटर सुरेश रैना, मनोज तिवारी भी शामिल हैं।
लक्ष्मीखेड़ा गांव में बसेगी हाईटेक सिटी
यह यूपीएसआईडीसी, उन्नाव जिला प्रशासन और कानपुर डवलपमेंट अथॉरिटी (केडीए) का संयुक्त प्रोजेक्ट है। कानपुर-उन्नाव के बीच लक्ष्मीखेड़ा गांव में इस हाईटेक सिटी को बसाया जाएगा। कानपुर में आबादी का काफी दबाव होने के कारण 'फ्यूचर सिटी' यही है। इसकी लोकेशन बेहतरीन है। इसमें आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।
सरकार की महत्वाकांक्षी योजना
इस दौरान सीएम ने कहा कि हाईटेक सिटी उनके सरकार की महत्वाकांक्षी योजना है। इसमें किसानों ने बहुत सहयोग दिया है। पार्टी की कोशिश है कि प्रदेश को लगातार विकास के रास्ते पर आगे बढ़ाया जाए। इसके लिए ज्यादा से ज्यादा लोगों को रोजगार दिलाने का लक्ष्य है। यह तभी संभव होगा, जब उद्योग-धंधे और फैक्ट्रियां लगेंगी। इसके लिए जमीन की जरूरत होती है। किसानों ने प्रोजेक्ट के लिए जमीन दी है। इसलिए सरकार उनका शुक्रिया अदा करती है। सीएम ने कानपुर-उन्नाव में सड़क बनवाने के लिए बजट देने की घोषणा की।
निवेश के लिए कर रहे हैं प्रोत्साहित
अखिलेश यादव ने कहा कि उनकी सरकार ने घोषणा पत्र के सभी वादों को एक के बाद एक पूरे कर रही है। कुछ साल में जितने काम किए, उतने किसी भी सरकार ने नहीं किए। किसानों के लिए पानी मुफ्त कर दिया है। दूध का उत्पादन बढ़ाने के प्रयास किए हैं। मुर्गी पालन को बढ़ावा दिया गया। यूपी में निवेश के लिए उद्योगपतियों को प्रोत्साहित किया गया, ताकि राज्य का विकास हो सके।
आगे पढ़िए, अखिलेश ने गिनाए अपनी सरकार के फायदे...