फोटो: अस्पताल में भर्ती पीड़िता और साथ में उसकी मां।
कानपुर. कानपुर के पनकी थाना क्षेत्र में छेड़खानी का विरोध करना एक छात्रा को महंगा पड़ गया। शनिवार को ट्यूशन पढ़ाकर लौट रही छात्रा को शोहदों ने घेर लिया। वे अश्लील कमेंट करने लगे। छात्रा का हाथ पकड़ने की भी कोशिश की। इसका विरोध करने पर सरेराह उसकी जमकर पिटाई कर दी। इससे छात्रा को कई चोटें आई हैं। परिजनों ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया है। पीड़िता की छोटी बहन ने मामले में पुलिस को तहरीर दी है। पुलिस ने देर रात आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 294, 323, 504 और 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पीड़िता के पिता बद्री प्रसाद मिश्रा के अनुसार, उनकी बेटी रीता (बदला हुआ नाम) एमए की छात्रा है। पढ़ाई के साथ-साथ वह बच्चों को ट्यूशन भी देती है। रोज की तरह शनिवार को वह बच्चों को पढ़ाकर लौट रही थी। इसी दौरान इलाके के दो सगे भाइयों विकेश और राकेश ने उसे रोक लिया। उसपर फब्तियां कसी और अश्लील इशारा किया। उनकी बेटी किसी तरह वहां से निकली और घरवालों को पूरी बात बताई। इसके बाद वे युवकों के घर गए और उन्हें समझाया। दोबारा ऐसा नहीं करने की हिदायद भी दी।
घर से उठा ले जाने की दी धमकी
छात्रा के पिता के मुताबिक, देर रात जब घरवाले खाना खा रहे थे, उसी समय दोनों भाई जबरदस्ती घर में घुस आए। वे उनकी बेटी को खींचकर बाहर ले गए। उसके कपड़े फाड़ दिए। उसकी जमकर पिटाई की। उसके बाल पकड़कर जमीन पर घसीटा भी। जब वह बेहोश हो गई, तो दोनों ने धमकी देकर कहा- 'अगली बार यदि तेरी बेटी ने मुंह खोला, तो उसे उठा ले जाएंगे'।
छात्रा पर शारीरिक संबंध के लिए बना रहे थे दबाव
पीड़िता की मां रामकली के अनुसार, ये दोनों भाई इलाके के दबंग है। वे सड़क पर दिनभर मंडली जमाकर खड़े रहते हैं। राह चलती लड़कियों को परेशान करना उनका रोज का काम है। इसकी शिकायत कई बार इनके घरवालों को की जा चुकी है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। इनके मुताबिक, पिछले कुछ महीने से दोनों भाई इनकी बेटी पर शारीरिक संबंध बनाने का दबाव डाल रहे थे।
पिटाई से छात्रा दहशत में
उधर, पिटाई से घायल छात्रा दहशत में है। किसी के आसपास आने की आहट से ही वह रोने और कांपने लगती है। उसे लगता है कि वह दोनों दबंग फिर उसकी पिटाई करने आए हैं। डर के मारे वह चीखने लगती है। बेटी का हाल देखकर उसके परिजनों का भी रो-रोकर बुरा हाल है।
आगे की स्लाइड्स में देखिए, घटना से जुड़ी अन्य तस्वीरें...