कानपुर. कानपुर के अफजल पुर गांव में मंगलवार को एक खेत में युवक का शव मिलने से हड़कंप मच गया। गांववालों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची डॉग स्क्वॉड, फॉरेंसिक और पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। पुलिस का कहना है कि शुरूआती जांच में मृतक के सिर और गले में गहरे निशान पाए गए हैं। ऐसे में लग रहा है कि युवक की गला दबाकर हत्या की गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई हो सकेगी।
जानकारी के मुताबिक, बिधनू थाना क्षेत्र के पास गांव में लोगों ने एक खेत में अज्ञात शव पड़ा देखा। इसके बाद वहां लोगों की भीड़ जुटने लगी। गांव वालों ने पुलिस को इस बात की सूचना दी। वहीं, फारेंसिक टीम का मानना है कि शव करीब 10 से 12 घंटे पुराना है। उसके सिर पर गहरे निशान हैं। ऐसे में लग रहा है कि युवक को पहले पीटा गया है। इसके बाद उसकी गला घोंटकर हत्या की गई है।
मृतक की नहीं हो सकी शिनाख्त
पुलिस का कहना है कि युवक आसपास के किसी गांव का नहीं है। शव को कहीं बाहर से लाकर यहां फेंका गया है। मृतक की जेब से भी कोई कागज नहीं मिला है। इस वजह से अभी तक शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पीएम रिपोर्ट आने के बाद ही मामले का खुलासा हो सकेगा।
आगे की स्लाइड में देखें संबंधित तस्वीर...