कानपुर. कानपुर देहात के मंगलपुर थाना क्षेत्र में रविवार को झाड़ियों के बीच एक युवती की अर्धनग्न लाश मिली। बीते 6 सितंबर से वह लापती थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके का मुआयना किया। पुलिस को शव पर चोट के निशान मिले हैं। शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। परिजनों ने रेप के बाद युवती की हत्या की आशंका जताई है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश जारी है। वहीं, मामले में लापरवाही बरतने पर आईजी आशुतोष पांडेय ने हर थाने के एसओ की क्लास भी ली।
जानकारी के मुताबिक, मामला मंगलपुर थाना क्षेत्र के जैतपुरा गांव का है। यहां झाड़ियों के पास युवती का शव बरामद हुआ। शव की शिनाख्त मुंशीलाल निषाद की बेटी नमिता (बदला हुआ नाम) के रूप में हुई है। मृतका के पिता के मुताबिक, बीते 6 सितंबर की शाम वह चप्पल खरीदने के लिए गई थी। इसके बाद घर नहीं लौटी। परिजनों ने कई जगह पर उसकी तलाश की। पता चला कि लालगौरी प्रताप सिंह ने गुजैनी बाजार के पास से उसे अगवा कर लिया है।
बेटी को बेजने की दी थी धमकी
मृतका के पिता की मानें, तो लालगौरी प्रताप सिंह पिछले कुछ महीनों उनकी बेटी के पीछे पड़ा हुआ था। कई बार उन्होंने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह दबंगई पर उतर आता था। गोविन्दनगर थाने में मामले की शिकायत भी की गई थी। इसका पता चलने पर लालगौरी ने उनकी बेटी को बेज देने की धमकी दी थी।
पुलिस ने नहीं दिया साथ
मृतका के पिता जब अपनी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराने गए, तो पुलिस ने उनका साथ नहीं दिया। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने से इनकार करते हुए उन्हें बेटी को दोस्तों और रिश्तेदारों में तलाशने की नसीहत दे डाली। शिकायत दर्ज कराने वह रतनलाल चौकी गए, वहां से भी उन्हें मायूसी हाथ लगी। लगातार चार दिन तक चौकी का चक्कर लगाने के बाद आखिरकार उनकी रिपोर्ट दर्ज हुई। इसके बावजूद पुलिस ने उनकी बेटी को तलाशने में कोई मुस्तैदी नहीं दिखाई।
आरोपी के पिता को किया गिरफ्तार
रविवार को लड़की का शव मिलने के एक घंटे के अंदर पुलिस ने आरोपी लालगौरी प्रताप सिंह के पिता रामकृष्ण आजाद को हिरासत में ले लिया। आरोपी फिलहाल फरार है। पुलिस सूत्रों के अनुसार वह कानपुर देहात के किसी इलाके में छुपा हुआ है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है।
फोटो: पुलिस अधिकारियों की क्लास लेते आईजी आशुतोष पांडेय।