कानपुर. दुल्हन ने दहेज लोभी दूल्हे के साथ शादी करने से ही इंकार कर दिया। दूल्हा दहेज में तय रकम नहीं मिलने पर फेरे लेने से आनाकानी कर रहा था। दुल्हन के इंकार पर बारात बैरंग लौट गई। दुल्हन के रिश्तेदारों की पहल पर शादी में आये एक लड़के ने उसके साथ
साते फेरे लगाए। दुल्हन अपने दूल्हे के साथ विदा हो गई। मामला जिले के मंगलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम मनकापुर का है।
जानकारी के मुताबिक, लाखन सिंह ने अपनी बेटी प्रियंका की शादी ग्राम नगला भिक्खी, भरथना इटावा निवासी मुंशीलाल के पुत्र सत्यवीर के साथ तय की थी। पहली मई को तिलक के बाद सोमवार शाम धूमधाम से बरात मनकापुर आई। फेरे से पहले दूल्हे के पिता ने दहेज में 70 हजार रुपए की मांग रख दी। दुल्हन के पिता व परिजनों की तमाम मान मनौव्वल बेकार रही।
इससे नाराज दुल्हन ने दहेज लोभी दूल्हे के साथ शादी करने से इंकार कर दिया। दुल्हन के इस फैसले से दोनों पक्षों में हड़कंप मच गया। विवाद की स्थिति बन गई। वर पक्ष थाने पहुंचा। उनकी शिकायत पर पुलिस टीम गांव आई, लेकिन दुल्हन ने साफ इंकार कर दिया।