कानपुर. गुरुवार को जिस समय सीएम अखिलेश यादव उन्नाव में हाईटेक ट्रांसगंगा सिटी का उद्घाटन कर रहे थे, ठीक उसी समय कानपुर के नौबस्ता गल्ला मंडी रोड पर लोग उनका पुतला फूंक रहे थे। गुस्साए लोगों का आरोप है कि जो मोहल्ले पहले से खराब स्थिति में हैं उसे कोई ठीक नहीं कर रहा है। इसको छोड़कर नए हाईटेक सिटी बनाने जा रहे हैं। वहीं, पड़ोस में सीएम के आने की वजह से पुलिस पुतला फूंकने वालों पर कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है।
नौबस्ता के गल्ला मंडी रोड पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने सीएम अखिलेश यादव मुर्दाबाद की नारेबाजी करते हुए उनका पुतला फूंका। लोगों ने कहा कि उनके इलाके में आज तक सड़क नहीं बनी। बिजली के खम्भे तो हैं, लेकिन उनमें तार नहीं। इसके अलावा जल निकासी के लिए नालिया भी नहीं हैं। लोगों ने कहा कि उनकी समस्या देखने वाला कोई नहीं है, अधिकारी सुनते नहीं है और विधायक भी कभी इलाके में नहीं आते हैं।
गुस्साए लोगों का आरोप है कि जो मोहल्ले पहले से खराब स्थिति में हैं उसे कोई ठीक नहीं कर रहा है और नए हाईटेक सिटी बनाने जा रहे हैं। ऐसे में सीएम को अपनी परेशानियों को बताने के लिए पुतला फूंककर अपना विरोध दर्ज कराया है। लोगों ने कहा कि उनके क्षेत्र में शहीद हुए बीएस वर्मा के परिजनों से मिलने भी सीएम नहीं पहुंचे। शहीदों के शहादत के लिए उनके पास समय नहीं है, क्योंकि ये शहीद उनके जाति का नहीं है।
बताते चलें जब सीएम के पुतला दहन की जानकारी नौबस्ता पुलिस को लगी तब तक सब कुछ ख़त्म हो चुका था। ऐसे में पुलिस पुतला फूंकने वालों का पता लगा रही है जिससे उनपर कार्रवाई किया जा सके।
फोटो: सीएम अखिलेश यादव का पुतला फूंकते हुए नौबस्ता इलाके के लोग।