कानपुर. लोगों तक अपनी बात पहुंचाने के लिए मीडिया एक सशक्त माध्यम है। इसके जरिए दुनिया को अपनी बात पहुंचाना भी काफी आसान है। साथ ही अब इलेक्ट्रॉनिक, प्रिंट के साथ-साथ सोशल मीडिया भी इस क्षेत्र में उभर कर सामने आ रहा है। यह बातें रविवार को कांग्रेस कार्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रीता बहुगुणा जोशी ने कही।
इस दौरान रीता ने कहा कि इस समय राजनैतिक दल, संगठन और हर व्यक्ति अपनी आवाज उठाने के लिए मीडिया का इस्तेमाल कर रहा है। दिल्ली के चुनाव में बीजेपी और किरन बेदी ने अरविंद
केजरीवाल के लिए अपशब्दों का इस्तेमाल किया। इसे सोशल मीडिया में भी खूब उछाला गया। ऐसे में इस समय मीडिया की ताकत को पहचानना बेहद जरूरी है। इसके जरिए अपनी बात को काफी जल्दी और आसानी से लोगों तक पहुंचाया जा सकता है।
सकारात्मक बातों का अपनाता है भारत
रीता के मुताबिक, भारत देश हमेशा सकारात्मक बातों को ही स्वीकार करता है।
नरेंद्र मोदी ने झूठ बोलकर कांग्रेस को बदनाम कर सत्ता हासिल कर ली, लेकिन अब देश की जनता उनके खोखले वादों को समझ चुकी है। उन्होंने काला धन और भ्रष्टाचार पर कांग्रेस की कार्यशैली को लेकर गलत धारणा फैलाई थी।
दिल्ली चुनाव में बीजेपी को पता चल गया है कि केवल नारे के आधार पर जीत नहीं मिल सकती। जनता अब काम देखना चाहती है।
देश को एकजुट रखती है कांग्रेस
वहीं, कांग्रेस के हारने के बारे में रीता ने कहा कि यह चिंता और विश्लेषण का दौरा है। जनता भी सोच रही है कि अन्य दलों को मौका दिया जाए। कांग्रेस पार्टी एक राष्ट्रीय पार्टी है। हालांकि, भारत के जनतंत्र में कांग्रेस फिर से मजबूत होना है। इसकी जिम्मेदारी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं पर है। उन्हें जनता को विश्वास दिलाना है कि कांग्रेस पार्टी ही इस देश को एकसाथ रख सकता है।
आगे की स्लाइड में देखें अन्य संबंधित तस्वीरें...