लखनऊ. राजधानी की कोचिंगों में चल रही अवैध उसूली के खिलाफ शुक्रवार को अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) के कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा किया। विद्यार्थी परिषद के बैनर तले प्रदर्शन कर रहे छात्रों का आरोप था कि कोचिंग अवैध तरीके से उगाही कर रहे हैं। शिकायत करने पर कोचिंग संचालक छात्रों को धमका रहे हैं। प्रदर्शन के बाद कार्यकर्ताओं की तरफ से क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी को एक ज्ञापन भी दिया गया।
लाइफटाइम कोचिंग के नाम पर संचालकों के खिलाफ कार्यवाही के लिए विद्यार्थी परिषद ने पिछले महीने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राम सहाय को एक ज्ञापन दिया था। इस पर जब कार्यवाही नहीं हुई तो शुक्रवार को अभाविप कार्यकर्ताओं ने हल्ला बोल दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के संभाग संगठन मंत्री सत्यभान भदौरिया ने आरोप लगाया कि कोचिंग संचालक छात्रों से झूठे वादे कर अवैध उगाही कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि बताया शासन-प्रशासन को ज्ञापन देकर अवगत कराया गया था, लेकिन उस पर कुछ अमल नहीं हुआ। इससे मजबूरन परिषद को आंदोलन के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
लीला सिनेमा के पास पहुंचे थे प्रदर्शन करने
अभाविप कार्यकर्ता शुक्रवार सुबह 11 बजे लीला सिनेमा के पास इकट्ठा हुए। इसके बाद वे एक समूह बनाकर पैदल चलते हुए आकाश कोचिंग पहुंचे। वहां उन्होंने संचालकों से मिलने की मांग की, लेकिन कोचिंग संचालकों ने उनसे अभद्रता शुरू कर दी। इसके बाद छात्रों ने बैठकर वहां पर आंदोलन किया। उन्होंने अधिकारियों को ज्ञापन दिया, और आंदोलन समाप्त किया। साथ ही चेतावनी देते हुए कहा कि एक सप्ताह के भीतर यदि इस पर कार्यवाही नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
लाइफ टाइम के नाम पर ठगी
सत्यभान ने कहा कि सरकारी, अर्धसरकारी शिक्षण संस्थानों में कार्यरत शिक्षकों द्वारा चलाए जा रहे कोचिंग केंद्र पर रोक लगाई जानी चाहिए। महानगर में चल रह हजारों कोचिंगों को बंद करवाया जाना चाहिए। लाइफटाइम के नाम पर प्रवेश दिया जाता, लेकिन एक-दो महीने में कोर्स समाप्त कर दोबारा उनको बैच नहीं उपलब्ध कराने के नाम पर फीस वसूल की जाती है।
तस्वीर में: कोचिंग संस्थानों की मनमानी के खिलाफ अभाविप कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया।